Weather Update: दिल्ली-NCR में 80 किमी की रफ्तार से आंधी का अलर्ट, कई राज्यों में तेजी से बढ़ रहा मानसून

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather News: देशभर में मौसम इन दिनों अलग-अलग रंग दिखा रहा है. कहीं झमाझम बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे रही है तो कहीं लोग अब भी मानसून की पहली जोरदार बारिश का इंतजार कर रहे हैं. जून का महीना आधा बीत चुका है और इसी के साथ दक्षिण-पश्चिम मानसून भी धीरे-धीरे देश के नए इलाकों में आगे बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, मानसून ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कई नए क्षेत्रों को कवर कर लिया है. हालांकि इस बार मानसून की रफ्तार सामान्य से थोड़ी धीमी बताई जा रही है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में इसके और तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. अगले चार से पांच दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ के बाकी हिस्सों में भी मानसून के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है.

दिल्ली-NCR में मौसम बदलने वाला है करवट

राजधानी दिल्ली और उससे सटे एनसीआर क्षेत्र के लोगों के लिए मौसम विभाग ने महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है. मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. दिन के समय उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है, लेकिन शाम तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर में देखने को मिलेगा.

80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी

मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में तेज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इसके साथ ही तेज आंधी चलने की भी चेतावनी दी गई है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी जा सकती है. ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है.

हरियाणा के कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने का खतरा

दिल्ली के अलावा हरियाणा के कई जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार कैथल, करनाल, पानीपत, हिसार, रोहतक, सोनीपत, भिवानी, फतेहाबाद और जींद में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली कड़कने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बदलेगा मौसम

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है. शामली, मेरठ, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर में धूल भरी आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि इन इलाकों में तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री का इंतजार खत्म होने वाला

मध्य प्रदेश में इस बार जून के दौरान सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है. आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक उम्मीद से लगभग 29 प्रतिशत कम वर्षा हुई है. हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि अब मानसून की दस्तक ज्यादा दूर नहीं है. अनुमान है कि 18 या 19 जून तक मानसून बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के रास्ते राज्य में प्रवेश कर सकता है.

30 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, नर्मदापुरम, सागर और सिवनी समेत 30 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि इंदौर और जबलपुर जैसे कुछ शहरों में तेज धूप और गर्म मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है.

पूर्वोत्तर में भारी बारिश बनी मुसीबत

जहां देश के कई हिस्से मानसून का इंतजार कर रहे हैं, वहीं पूर्वोत्तर भारत में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. असम और मेघालय समेत कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है. लगातार वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं.

विदर्भ और मराठवाड़ा में अब भी गर्मी का कहर

महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों में लोगों को अभी भी भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है. मानसून की प्रगति के बावजूद इन इलाकों में तापमान ऊंचा बना हुआ है, जिससे लोगों को राहत का इंतजार है. मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के साथ इन क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

अगले कुछ दिन रहेंगे अहम

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिन मानसून की प्रगति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं. यदि वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल बनी रहती हैं तो देश के कई और हिस्सों में मानसून तेजी से आगे बढ़ सकता है, जिससे गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

Latest News

पाकिस्तान में वारदातः ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या

Pakistan crime: पाकिस्तान से सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां बृहस्पतिवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक अज्ञात बंदूकधारी...

More Articles Like This

Exit mobile version