Weather Update: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. लगातार बढ़ते तापमान और झुलसाने वाली हवाओं ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है. हालांकि अब मौसम को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में मौसम तेजी से करवट लेने वाला है. उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई इलाकों में आंधी, तेज हवाएं और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. इसके चलते कई राज्यों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत 17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजस्थान को छोड़कर कई राज्यों में अगले दो से तीन दिनों के भीतर तापमान 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक कम होने की संभावना जताई गई है..
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम तेजी से बदलता दिखाई दे रहा है. केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ रहा है और इसके लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं.
आज इन राज्यों में बरस सकते हैं बादल
मौसम विभाग के अनुसार आज असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम बदलने के आसार हैं. कई क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है.
दिल्ली में जारी रहेगा गर्मी का असर
राजधानी दिल्ली में फिलहाल लोगों को गर्मी से पूरी राहत मिलने की संभावना कम दिखाई दे रही है. मौसम विभाग के अनुसार 26 से 28 मई तक लू का असर बना रह सकता है. हालांकि मौसम में बदलाव के संकेत भी दिखाई दे रहे हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश व तेज हवाओं के कारण तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है.
UP में आंधी और बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 26 से 31 मई तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, गोरखपुर, आगरा और मेरठ समेत कई जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. कुछ क्षेत्रों में आंधी की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
बिहार में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार
बिहार में 26 से 29 मई तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया समेत कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
राजस्थान में अभी जारी रहेगी लू
राजस्थान में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं. मौसम विभाग ने 30 मई तक लू का असर जारी रहने की संभावना जताई है. हालांकि 29 मई के बाद कुछ क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है और बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं.
झारखंड, उत्तराखंड और हिमाचल में भी बदलेगा मौसम
झारखंड में 26 से 31 मई तक गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. कुछ पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है.