Bengal CM Oath: सुवेंदु अधिकारी बंगाल के पहले भाजपाई मुख्यमंत्री बन गए हैं. राज्यपाल आरएन रवि ने उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई. इस मौके पर पीएम मोदी, अमित शाह, नितिन नवीन, योगी आदित्यनाथ समेत कई दिग्गज मंच पर मौजूद रहे. सुवेंदु अधिकारी के साथ पांच अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली. गवर्नर आरएन रवि ने इन सभी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम व टुडूनिसिथ प्रमाणिक शामिल हैं.
कार्यकर्ता को शॉल देकर किया सम्मानित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में एक कार्यकर्ता को शॉल देकर सम्मानित किया और फिर उनके पैर छुए. पीएम मोदी ने जिन माखनलाल सरकार के पैर छुए वे सिलिगुड़ी से आते हैं. उनकी उम्र 96 साल है और नॉर्थ बंगाल में बीजेपी को आगे बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है. वे बीजेपी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं.
शपथ के दौरान आया ममता बनर्जी का पोस्ट
उधर, सुवेंदु अधिकारी के शपथ से पहले ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘पच्चीसवें बैशाख के इस पवित्र दिन पर, मैं विश्वविख्यात सर्वोच्च चिंतक और कवि गुरु, गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर के चरणों में अपनी अनंत श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं. रवीन्द्र जयंती हमारे लिए बांग्ला भाषा, संस्कृति और विरासत के पुनर्जागरण का एक महान उत्सव है. उनका गहन जीवन-दर्शन हमारी दैनिक यात्रा के लिए शाश्वत मार्गदर्शक प्रकाश के रूप में कार्य करता है.
विभाजन सत्य नहीं
उन्होंने हमें सिखाया है -विभाजन सत्य नहीं है; एकता ही सत्य है. आक्रामक राष्ट्रवाद के उन्माद से ऊपर उठकर, उन्होंने समूची मानव सभ्यता के लिए एकता का महान मंत्र पूरे विश्व को प्रदान किया है.
हे मेरे हृदय, इस पवित्र तीर्थस्थल पर धीरे-धीरे जागो,
भारत की इस महान आत्मा के महासागर-तट पर.
इस विश्वविख्यात कवि के शाश्वत आदर्श, उनके दूरगामी विचार-प्रवाह, जागृत चेतना और सृजनात्मक प्रतिभा विश्वभर के लोगों के मन में और अधिक तीव्रता से प्रकाशित हों.’
इसे भी पढ़ें. West Bengal CM: ‘मैं शपथ लेता हूं…’ शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल के मुख्यमंत्री पद की ली शपथ

