FIFA World Cup 2026: अमेरिका में फीफा वर्ल्ड कप 2026 में टूर्नामेंट के दौरान एक जहरीले सांप के दिखाई देने की खबर ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की चिंता बढ़ा दी है. यह चर्चा अब खेल से ज्यादा सुर्खियां बटोर रही है. जर्मनी की टीम ने अपने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुराकाओ को 7-1 से हराया, लेकिन जीत के जश्न के बीच टीम के ट्रेनिंग कैंप में सांप की एंट्री ने माहौल बदल दिया.
आसपास सांपों की मौजूदगी
दिलचस्प बात यह है कि जर्मनी अकेला देश नहीं है जिसे इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई अन्य टीमों को भी अपने ट्रेनिंग बेस के आसपास सांपों की मौजूदगी को लेकर विशेष चेतावनियां दी गई हैं, जिससे वर्ल्ड कप में एक नया और अप्रत्याशित रोमांच जुड़ गया है. जर्मन कप्तान जोशुआ किमिख ने खुलासा किया कि सोमवार को विंस्टन-सेलम स्थित टीम के ट्रेनिंग बेस पर एक कॉपरहेड सांप दिखाई दिया.
तुरंत अस्पताल जाना पड़ सकता है
किमिख के मुताबिक, टीम को बताया गया कि यह जहरीला सांप है और अगर किसी को काट ले तो तुरंत अस्पताल जाना पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि यह शायद जानलेवा नहीं है, लेकिन बेहद खतरनाक जरूर है. किमिख ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जर्मनी में इतने खतरनाक जीव-जंतु देखने की आदत नहीं है. दिलचस्प बात यह है कि वर्ल्ड कप में सांपों का डर सिर्फ जर्मनी तक सीमित नहीं है.
खतरों को लेकर चेतावनी
अमेरिका के अलग-अलग हिस्सों में ठहरी कई राष्ट्रीय टीमों को भी ऐसे खतरों को लेकर चेतावनी दी गई है. स्विट्जरलैंड की टीम सैन डिएगो में ठहरी हुई है, जहां ट्रेनिंग ग्राउंड के पास एक बड़े इलाके को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है. वहां खिलाड़ियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि वे उस क्षेत्र में न जाएं, क्योंकि वहां सांपों की मौजूदगी का खतरा है. यहां तक कि गेंद चली जाए तो उसे लेने जाने से भी मना किया गया है.
सांप दिखे तो उसे छेड़ने की कोशिश न करें
एरलिंग हालैंड और मार्टिन ओडेगार्ड जैसे सितारों वाली नॉर्वे की टीम को भी नॉर्थ कैरोलिना में सांपों को लेकर चेतावनी दी गई है. स्थानीय अधिकारियों ने खिलाड़ियों से कहा है कि सांप दिखे तो उसे छेड़ने की कोशिश न करें, क्योंकि इलाके में ऐसे जीवों से सामना होना आम बात है.
इसे भी पढ़ें. OP राजभर का दावा- ‘सपा में बड़ी टूट होना तय’, बोले- रामगोपाल यादव ने अमित शाह को भेजा पत्र