KKR के पूर्व स्टार का ड्रग टेस्ट निकला पॉजिटिव, कोकेन कांड में फंसे क्रिस लिन पर ECB का बड़ा एक्शन!

Divya Rai
Content Writer The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Chris Lynn: ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस लिन एक ड्रग टेस्ट को लेकर विवादों में घिर गए हैं. इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के क्रिकेट रेगुलेटर ने कोकेन सेवन के मामले में उन पर एक महीने का प्रतिबंध लगाया था, जिसे अब वह पूरा कर चुके हैं. टी20 ब्लास्ट टूर्नामेंट के फाइनल के दौरान हुई जांच में उनके सैंपल में प्रतिबंधित पदार्थ की पुष्टि हुई थी. शुक्रवार को ECB के रेगुलेटर ने आधिकारिक तौर पर बताया कि लिन का निलंबन समाप्त हो चुका है. क्रिकेटर ने भी कोकेन सेवन की बात स्वीकार की थी.

पहले 3 महीने की सजा, फिर घटाकर एक महीने क्यों किया गया?

इस मामले में शुरुआत में क्रिस लिन को तीन महीने के प्रतिबंध का सामना करना पड़ा था. हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम पूरा किया. इसके बाद ECB के रेगुलेटर ने उनके मामले की समीक्षा की. जांच में यह माना गया कि लिन ने प्रतिबंधित पदार्थ का इस्तेमाल खेल में प्रदर्शन बेहतर करने के उद्देश्य से नहीं किया था. रिहैबिलिटेशन पूरा करने और मामले से जुड़े तथ्यों को देखते हुए उनकी सजा तीन महीने से घटाकर एक महीने कर दी गई. क्रिकेट रेगुलेटर के आधिकारिक बयान में कहा गया कि नॉर्थेम्पटनशायर स्टीलबैक्स के पूर्व खिलाड़ी क्रिस लिन पर लगाया गया एक महीने का प्रतिबंध अब पूरा हो चुका है.

Chris Lynn ने खुद कबूला था सेवन

क्रिस लिन का यह मामला 18 जुलाई को खेले गए टी20 ब्लास्ट फाइनल से जुड़ा है. उस मुकाबले के दौरान उनका ड्रग टेस्ट किया गया था. बाद में 31 जुलाई को रेगुलेटर ने उन्हें जांच में पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी दी. इसके बाद 20 अगस्त को लिन ने सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार की. उन्होंने बताया कि 15 और 16 जुलाई को उन्होंने कोकेन का सेवन किया था. इस स्वीकारोक्ति के बाद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई और उनका प्रतिबंध 30 अगस्त को समाप्त हुआ. गौरतलब है कि 18 जुलाई को नॉर्थेम्पटनशायर स्टीलबैक्स ने टी20 ब्लास्ट के फाइनल में हैम्पशायर हॉक्स को 14 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था.

IPL से लेकर बिग बैश तक चला क्रिस लिन का जलवा

क्रिस लिन टी20 क्रिकेट के चर्चित और आक्रामक बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. IPL में वह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR), डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं. हालांकि, साल 2018 के बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीम की ओर से खेलने का मौका नहीं मिला. इसके बावजूद फ्रेंचाइजी क्रिकेट में उनका प्रदर्शन जारी रहा. बिग बैश लीग (BBL) में लिन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने इस टूर्नामेंट में 137 मुकाबले खेलकर 4,133 रन बनाए हैं. वहीं, उनके पूरे टी20 करियर की बात करें तो लिन अब तक 320 मैचों में 9,268 रन बना चुके हैं. अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर इस खिलाड़ी का नाम अब ड्रग टेस्ट विवाद के कारण भी चर्चा में आ गया है.

ये भी पढ़ें- UEFA Europa League: अमीन के गोल की मदद से ओलंपिक मार्सिले ने बायर लेवरकुसेन को 1-0 से हराया

Latest News

ट्रंप को कोर्ट से भी झटका, अदालत ने वॉशिंगटन में 250 फीट ऊंचा विजय स्मारक बनाने की उनकी योजना पर लगाई रोक

Washington: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मिडटर्म चुनाव के बाद कोर्ट से भी झटका लगा है. वॉशिंगटन में 250...

More Articles Like This

Exit mobile version