Hardik Pandya: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की वनडे क्रिकेट में वापसी का रास्ता साफ हो गया है. अगले साल होने वाले विश्व कप को ध्यान में रखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन्हें इंडिया-A की वनडे टीम में शामिल किया है. हार्दिक ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में खेलते नजर आ सकते हैं. BCCI ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया-A के भारत दौरे के लिए मल्टी-डे और वनडे टीमों का ऐलान किया है. इस पूरे दौरे के मुकाबले पुडुचेरी में खेले जाएंगे. हार्दिक को सिर्फ वनडे टीम में जगह मिली है और उनका मैदान पर उतरना फिटनेस टेस्ट पास करने पर निर्भर करेगा.
सितंबर के आखिरी सप्ताह से शुरू होगा दौरा
भारत-A और ऑस्ट्रेलिया-A के बीच होने वाली सीरीज की शुरुआत सितंबर के आखिरी सप्ताह में होगी. दौरे में पहले दो चार दिवसीय मल्टी-डे मुकाबले खेले जाएंगे. पहला मल्टी-डे मैच 22 से 25 सितंबर तक होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा. इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी. वनडे मुकाबले 6, 9 और 11 अक्टूबर को खेले जाएंगे.
फिटनेस टेस्ट के बाद तय होगा हार्दिक का खेलना
हार्दिक पांड्या के फैंस के लिए सबसे बड़ी खबर यही है कि उन्हें वनडे टीम में शामिल किया गया है. हालांकि, अभी उनका खेलना पूरी तरह तय नहीं माना जा सकता. BCCI ने हार्दिक को फिटनेस के अधीन टीम में रखा है. यानी वनडे सीरीज से पहले उनका फिटनेस टेस्ट होगा और उसके बाद ही उनके मैदान पर उतरने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा. अगर हार्दिक फिटनेस टेस्ट में सफल रहते हैं, तो वह 6 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ पहले वनडे में वापसी कर सकते हैं. अगले साल होने वाले विश्व कप को देखते हुए यह सीरीज उनके लिए अपनी फिटनेस और मैच फॉर्म साबित करने का अहम मौका होगी.
ऋतुराज गायकवाड़ संभालेंगे वनडे टीम की कमान
BCCI ने वनडे टीम की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी है. वहीं देवदत्त पडिक्कल को उपकप्तान बनाया गया है. मल्टी-डे टीम की कप्तानी देवदत्त पडिक्कल करेंगे, जबकि साई सुदर्शन को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है. दोनों टीमों में कई युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका दिया गया है.
India-A मल्टी-डे टीम
अमन मोखड़े, आयुष पांडे, देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), साई सुदर्शन (उपकप्तान), यश राठौड़, शेख रशीद, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, तुषार देशपांडे, अंशुल कंबोज, प्रफुल्ल हिंगे, एन जगदीसन (विकेटकीपर), नचिकेत भुटे और वैशाख विजय कुमार (फिटनेस पर निर्भर).
India-A वनडे टीम
प्रियांश आर्य, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, विप्रज निगम, अर्शिन कुलकर्णी, अरशद खान, नमन धीर, हार्दिक पांड्या (फिटनेस के अधीन), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), गुरजापनीत सिंह और यश ठाकुर.
हार्दिक पांड्या की वापसी पर अब सबसे ज्यादा नजर उनकी फिटनेस पर रहेगी. ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ वनडे सीरीज में अगर वह मैदान पर उतरते हैं, तो यह लंबे समय बाद वनडे क्रिकेट में उनकी वापसी होगी और विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भी इसे अहम माना जा रहा है.
यह भी पढ़े: World Cup 2027: क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली खेलेंगे वनडे वर्ल्ड कप? BCCI उपाध्यक्ष ने दिया बड़ा अपडेट

