Apple का पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन ‘iPhone Duo’ भारत में लॉन्च, जानें कीमत और फीचर्स

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Apple iPhone Duo: अमेरिका की टेक्नोलॉजी कंपनी Apple ने आखिरकार फोल्डेबल स्मार्टफोन सेगमेंट में कदम रख दिया है. कंपनी ने अपना नया iPhone Duo लॉन्च किया है, जिसकी भारत में कीमत 2,99,900 रुपये तय की गई है. कंपनी का लक्ष्य प्रीमियम iPhone इकोसिस्टम के साथ बड़ी स्क्रीन का अनुभव देना और उन यूजर्स को आकर्षित करना है, जो कंटेंट देखने, मल्टीटास्किंग और क्रिएटिव काम के लिए फोल्डेबल डिवाइस की तलाश में हैं. iPhone Duo की बिक्री 23 अक्टूबर से शुरू होगी, जबकि इसके लिए प्री-ऑर्डर 16 अक्टूबर से किए जा सकेंगे.

7.6 इंच की इनर और 5.4 इंच की आउटर डिस्प्ले

iPhone Duo में फोल्ड होने वाली 7.6 इंच की इनर डिस्प्ले दी गई है. इसके अलावा फोन को फोल्ड करने के बाद इस्तेमाल करने के लिए 5.4 इंच की आउटर डिस्प्ले भी मिलती है. कंपनी ने दोनों डिस्प्ले का आस्पेक्ट रेश्यो एक जैसा रखा है. इसका फायदा यह होगा कि स्क्रीन बदलने पर कंटेंट को दोनों डिस्प्ले के बीच सही अनुपात में एडजस्ट किया जा सकेगा. इनर डिस्प्ले में Apple ने नैनो-टेक्सचर फिनिश का इस्तेमाल किया है. कंपनी के मुताबिक, यह स्क्रीन पर पड़ने वाली चमक को कम करने के साथ-साथ डिस्प्ले की क्रीज को भी कम दिखाई देने में मदद करती है.

A20 Pro चिप और नया कैमरा सिस्टम

परफॉर्मेंस के लिए iPhone Duo में Apple की A20 Pro चिप दी गई है. इसके साथ फोन में एडवांस्ड थर्मल मैनेजमेंट सिस्टम और डुअल-बैटरी आर्किटेक्चर भी दिया गया है. कंपनी ने फोल्डेबल फॉर्म फैक्टर को ध्यान में रखते हुए कैमरा अनुभव में भी कई बदलाव किए हैं. इसमें Smart Tech, Duo Preview और Duo FaceTime जैसे फीचर्स शामिल हैं.

वीडियो प्लेबैक में भी दमदार बैटरी

Apple के मुताबिक, iPhone Duo की इनर डिस्प्ले पर 31 घंटे तक वीडियो प्लेबैक किया जा सकता है. वहीं, आउटर डिस्प्ले के जरिए वीडियो प्लेबैक टाइम 44 घंटे तक बताया गया है. फोल्डेबल फोन में बड़ी स्क्रीन के कारण बैटरी खपत ज्यादा होने की संभावना रहती है. ऐसे में Apple ने डुअल-बैटरी आर्किटेक्चर के जरिए बैटरी परफॉर्मेंस को बेहतर रखने की कोशिश की है.

iOS 27 में मिलेंगे खास मल्टीटास्किंग फीचर्स

iPhone Duo के लिए सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस को भी फोल्डेबल स्क्रीन के हिसाब से तैयार किया गया है. iOS 27 में Split View जैसे मल्टीटास्किंग फीचर्स जोड़े गए हैं. इसके अलावा यूजर्स ऐप्स के पेयर को सेव भी कर सकेंगे. इससे एक साथ दो ऐप्स का इस्तेमाल करने और बड़े डिस्प्ले का बेहतर फायदा उठाने में आसानी होगी.

Apple ने बताया iPhone का सबसे बड़ा बदलाव

Apple के CEO जॉन टर्नस ने iPhone Duo को कंपनी के लिए एक बड़ा बदलाव बताया. उन्होंने कहा, “iPhone Duo, ओरिजिनल iPhone के बाद से iPhone में सबसे बड़ा बदलाव है.” उन्होंने आगे कहा कि नए डिजाइन और आसान अनुभव के साथ यह डिवाइस दिखाता है कि हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर को एक साथ विकसित करने पर क्या संभव हो सकता है. उनके मुताबिक, iPhone Duo फोल्डेबल फोन के इस्तेमाल के तरीके को भी नए सिरे से परिभाषित करता है.

भारत में ज्यादा कीमत की वजह क्या है?

साइबरमीडिया रिसर्च (CMR) के इंडस्ट्री इंटेलिजेंस ग्रुप के प्रमुख प्रभु राम के मुताबिक, iPhone Duo की भारत में कीमत अमेरिका की तुलना में ज्यादा होने के पीछे कई कारण हैं. इनमें मेमोरी की बढ़ती लागत, रुपये की कमजोरी, कस्टम ड्यूटी, स्थानीय टैक्स स्ट्रक्चर और चैनल मार्जिन शामिल हैं.

प्रभु राम का मानना है कि शुरुआती दौर में iPhone Duo की बिक्री बड़े पैमाने पर होने के बजाय यह Apple के लिए Pro सीरीज से ऊपर एक अल्ट्रा-प्रीमियम कैटेगरी तैयार करने वाला उत्पाद हो सकता है. उन्होंने कहा कि शुरुआत में इसकी शिपमेंट सीमित रह सकती है और सप्लाई की समस्या भी देखने को मिल सकती है. हालांकि, iPhone Duo मौजूदा Pro Max यूजर्स को अपनी तरफ आकर्षित करने की स्थिति में है.

2TB तक मिलेगा स्टोरेज

iPhone Duo को Star White और Night Sky रंगों में पेश किया गया है. स्टोरेज के मामले में यूजर्स को 256GB से लेकर 2TB तक के विकल्प मिलेंगे. भारत में इस फोल्डेबल iPhone की कीमत 2,99,900 रुपये से शुरू होती है. इसके लिए प्री-ऑर्डर 16 अक्टूबर से शुरू होंगे, जबकि ग्राहक 23 अक्टूबर से इसे खरीद सकेंगे.

यह भी पढ़े: Gold Price Today: सोने के दाम में मामूली गिरावट, चांदी भी ₹100 प्रति किलो सस्ती, देखें आज का रेट

Latest News

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को 1330 दोहों वाली कौन सी किताब गिफ्ट की? जानें इसका रूस से क्या है कनेक्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को प्रसिद्ध तमिल कृति ‘तिरुक्कुरल’ का रूसी अनुवाद भेंट किया. 133 अध्यायों और 1,330 दोहों वाली इस रचना का संबंध भारत और रूस के पुराने साहित्यिक जुड़ाव से भी बताया जाता है.

More Articles Like This

Exit mobile version