Elon Musk ने एक्स मनी के नए फीचर का किया ऐलान, लाइक बटन से यूजर कर सकेंगे ट्रांजैक्शन

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Elon Musk ने एक्स मनी के प्रस्तावित फीचर का ऐलान किया, जिसमें कोई भी यूजर, किसी अन्य यूजर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सिर्फ लाइक बटन को लॉन्ग प्रेस करके आसानी से एक डॉलर भेज पाएगा. सोशल मीडिया पर इस फीचर का ऐलान करते हुए मस्क ने कहा कि इससे कोई भी यूजर आसानी से एक्स प्लेटफॉर्म पर छोटी राशि किसी अन्य यूजर को भेज सकता है. इस फीचर से यूजर्स के लिए कंटेंट क्रिएटर्स को टिप देना और अपनी पसंद की पोस्ट को सपोर्ट करना आसान हो जाएगा और इसके लिए उन्हें ऐप से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

बता दें कि यह प्रस्तावित पेमेंट सिस्टम, मस्क की उस व्यापक रणनीति का हिस्सा है जिसके जरिए वो एक्स को एक “एवरीथिंग ऐप” में बदलना चाहते हैं. इस ऐप में सोशल नेटवर्किंग, मैसेजिंग, पेमेंट और अन्य डिजिटल सेवाओं को एक ही इकोसिस्टम में शामिल किया जाएगा.

एक्स मनी के जरिए सिर्फ एक क्लिक में होगा ट्रांजैक्शन

दरअसल, ऐलन मस्क ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि “हम ‘लाइक’ बटन को लॉन्ग प्रेस करके, किसी को एक्स मनी के जरिए 1 डॉलर भेजने की सुविधा जोड़ रहे हैं.” इस प्रस्तावित सिस्टम के तहत, यूजर्स किसी पोस्ट के लेखक को 1 डॉलर का भुगतान कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें बस सामान्य ‘लाइक’ बटन को दबाकर रखना होगा, और यह ट्रांजैक्शन एक्स मनी के जरिए पूरा होगा. हालांकि इस कॉन्सेप्ट ने यूजर्स और क्रिएटर्स के बीच काफी दिलचस्पी जगाई है, लेकिन कंपनी ने अभी तक इसे लागू करने की विस्तृत समय-सीमा या इसके लिए जरूरी शर्तों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.

क्या है मनी एक्स 

बता दें कि हाल ही में एक्स मनी को अमेरिका में लॉन्च किया गया है. यह पीयर-टू-पीयर (एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को) पैसे भेजने की सुविधा देता है, साथ ही इसमें एक एक्स वीजा डेबिट कार्ड भी मिलता है, जिसका इस्तेमाल फिजिकल और डिजिटल दोनों तरह के ट्रांजैक्शन के लिए किया जा सकता है. इस डेबिट कार्ड को एप्पल पे से भी जोड़ा जा सकता है, जिससे उन जगहों पर कॉन्टैक्टलेस पेमेंट किया जा सकता है जहां यह सुविधा उपलब्ध है. प्लेटफॉर्म ने ऐसे फीचर्स को भी बढ़ावा दिया है जो अंतरराष्ट्रीय ट्रांजैक्शन को आसान बनाते हैं. हालांकि, इसके सटीक फायदे और शर्तें यूजर की पात्रता और लागू नियमों के आधार पर अलग-अलग हो सकती हैं.

फिलहाल, एक्स मनी का पूरा ध्यान अमेरिकी बाजार पर है। कंपनी ने अभी तक यह नहीं बताया है कि यह सर्विस या ‘लाइक’ बटन के जरिए भुगतान करने का नया फीचर भारत सहित अन्य देशों में कब उपलब्ध होगा, जबकि भारत दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल पेमेंट बाजारों में से एक है.

 

Latest News

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई अब 200 खतरनाक कैदियों के बीच! साबरमती जेल के हाई-सिक्योरिटी ब्लॉक में किया गया शिफ्ट

Lawrence Bishnoi: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल में एक विशेष सुरक्षा वाले ब्लॉक में स्थानांतरित...

More Articles Like This

Exit mobile version