मेमोरी की बढ़ती लागत के चलते Apple ने भारत में बढ़ाए iPhone के दाम, 40% तक महंगे हुए मॉडल

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

iPhone Price Hike: भारत में iPhone खरीदने वालों के लिए बड़ा झटका लगा है. Apple ने अपने iPhone लाइनअप की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की है. अलग-अलग मॉडल और स्टोरेज वेरिएंट के हिसाब से यह इजाफा काफी अलग है और कुछ मॉडल की कीमत 40 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गई है. कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे मेमोरी की बढ़ती लागत को प्रमुख वजह बताया गया है. इसी के साथ Apple ने अपने स्मार्टफोन की नई पीढ़ी पेश करने के अलावा फोल्डेबल स्मार्टफोन सेगमेंट में भी कदम रखा है. कंपनी के नए iPhone Duo की कीमत भारत में 2,99,900 रुपये रखी गई है, जो इसे कंपनी की अल्ट्रा-प्रीमियम कैटेगरी में रखती है.

iPhone 17 के दाम में 22 हजार रुपये तक का इजाफा

Apple ने iPhone 17 के 256GB वेरिएंट की कीमत 82,900 रुपये से बढ़ाकर 99,900 रुपये कर दी है. यानी इसकी कीमत में सीधे 17,000 रुपये या 20.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, iPhone 17 के 512GB वेरिएंट की कीमत अब 1,24,900 रुपये हो गई है. इसकी पिछली कीमत 1,02,900 रुपये थी. इस तरह इस वेरिएंट पर 22,000 रुपये यानी 21.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.

iPhone 18 Pro और Pro Max भी हुए महंगे

कंपनी के Pro मॉडल्स की कीमतों में भी अच्छी-खासी बढ़ोतरी देखने को मिली है. iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत अब 1,64,900 रुपये है, जो iPhone 17 Pro की तुलना में 22 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं, iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत 1,79,900 रुपये रखी गई है. यह पिछली पीढ़ी के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत अधिक है. भारत में Pro मॉडल्स की कीमतों में हुई यह बढ़ोतरी दूसरे प्रमुख बाजारों की तुलना में ज्यादा बताई जा रही है. अमेरिका में iPhone 18 Pro और Pro Max की कीमतों में क्रमशः 9 प्रतिशत और 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.

iPhone Air का 1TB मॉडल 40% से ज्यादा महंगा

सबसे बड़ी कीमत बढ़ोतरी 1TB स्टोरेज वाले iPhone Air में देखने को मिली है. इसकी कीमत 1,59,900 रुपये से बढ़कर 2,24,900 रुपये हो गई है. यानी iPhone Air के इस वेरिएंट की कीमत में 40.6 प्रतिशत का इजाफा हुआ है. इसके अलावा iPhone Air के 256GB और 512GB वेरिएंट भी करीब 25 प्रतिशत महंगे हो गए हैं.

iPhone 17e और iPhone 16 की कीमत भी बढ़ी

Apple ने iPhone 17e की शुरुआती कीमत बढ़ाकर 79,900 रुपये कर दी है. यह पहले की तुलना में 23.1 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं, 128GB स्टोरेज वाले iPhone 16 की कीमत में 28.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. अब इसकी कीमत 89,900 रुपये हो गई है.

भारत में कीमत बढ़ने की क्या है वजह?

काउंटरपॉइंट रिसर्च के रिसर्च डायरेक्टर तरुण पाठक के अनुसार, भारत में iPhone की कीमतों में करीब 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, जबकि वैश्विक स्तर पर औसत बढ़ोतरी 8 से 10 प्रतिशत के आसपास है. उन्होंने कीमतों में इस उछाल के पीछे कई कारण बताए हैं. इनमें मेमोरी की बढ़ती लागत, रुपये की कमजोरी और भारत में उत्पादन की बढ़ी हुई लागत शामिल हैं. तरुण पाठक के मुताबिक, iPhone Duo पर करीब 20 प्रतिशत तक आयात शुल्क लग सकता है, क्योंकि इस डिवाइस को फिलहाल भारत में स्थानीय स्तर पर असेंबल नहीं किया जाता है.

iPhone Duo बनेगा Apple का अल्ट्रा-प्रीमियम फोन

साइबरमीडिया रिसर्च के इंडस्ट्री इंटेलिजेंस ग्रुप के प्रमुख प्रभु राम के मुताबिक, 2,99,900 रुपये की कीमत वाला iPhone Duo कंपनी के Pro सीरीज मॉडल्स से ऊपर एक नई अल्ट्रा-प्रीमियम कैटेगरी तैयार करता है. उनका मानना है कि शुरुआती दौर में iPhone Duo का उद्देश्य बड़े पैमाने पर बिक्री बढ़ाना नहीं, बल्कि Apple की ब्रांड प्रतिष्ठा और प्रीमियम पोजीशन को मजबूत करना हो सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि फाइनेंसिंग विकल्प Pro Max इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को iPhone Duo की ओर आकर्षित करने में मदद कर सकते हैं.

हालांकि, शुरुआती समय में इसकी शिपमेंट सीमित रहने और सप्लाई की कमी की संभावना है. फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार को लेकर प्रभु राम ने कहा कि फिलहाल यह कुल स्मार्टफोन शिपमेंट का 1 प्रतिशत से भी कम हिस्सा है. ऐसे में Apple के फोल्डेबल सेगमेंट में प्रवेश से इस कैटेगरी को आगे बढ़ने में नई गति मिल सकती है.

यह भी पढ़े: Bollywood 80s Photo Trend: सोशल मीडिया पर छाया 80s का रेट्रो क्रेज, बॉलीवुड सितारों के Vintage लुक ने मचाया धमाल

Latest News

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को 1330 दोहों वाली कौन सी किताब गिफ्ट की? जानें इसका रूस से क्या है कनेक्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को प्रसिद्ध तमिल कृति ‘तिरुक्कुरल’ का रूसी अनुवाद भेंट किया. 133 अध्यायों और 1,330 दोहों वाली इस रचना का संबंध भारत और रूस के पुराने साहित्यिक जुड़ाव से भी बताया जाता है.

More Articles Like This