8th Pay Commission Arrears: केंद्रीय कर्मचारियों की नजर 8वें वेतन आयोग पर टिकी हुई है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आयोग की सिफारिशें लागू होने में अगर समय लगता है, तो कर्मचारियों को 1 जनवरी 2026 से मिलने वाले संभावित लाभ का क्या होगा? इसी वजह से एरियर को लेकर भी लगातार चर्चा हो रही है. अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 50,000 रुपये है, तो अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर के आधार पर उसके वेतन और संभावित एरियर में कितना अंतर आ सकता है, इसका पूरा गणित समझना जरूरी है. केंद्र सरकार हर 10 साल के अंतराल पर वेतन आयोग का गठन करती है.
इससे पहले 7वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2016 से प्रभावी हुआ था और उसका कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुका है. इसी आधार पर 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों को 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाना है. ऐसे में अगर सरकार 8वें वेतन आयोग को बाद की तारीख में आधिकारिक तौर पर लागू करती है, तो 1 जनवरी 2026 से वास्तविक लागू होने की तारीख के बीच का अंतर एरियर के रूप में दिए जाने की स्थिति बन सकती है. आइए 50,000 रुपये की बेसिक सैलरी के उदाहरण से समझते हैं कि यह एरियर कितना हो सकता है…
कितने महीने का मिल सकता है एरियर?
केंद्रीय कर्मचारी 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों के लागू होने का इंतजार कर रहे हैं. फिलहाल आयोग अलग-अलग राज्यों का दौरा कर रहा है. इस दौरान कर्मचारी यूनियनों, पेंशनर्स और अन्य संबंधित पक्षों से मुलाकात कर उनकी राय और सुझाव लिए जा रहे हैं. आयोग को अपनी अंतिम रिपोर्ट तैयार करने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है. चूंकि 8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था, इसलिए 18 महीने की अवधि मई 2027 के आसपास पूरी होगी. ऐसे में आयोग मई 2027 के आसपास अपनी अंतिम सिफारिशें केंद्र सरकार को सौंप सकता है.
इसके बाद सरकार की ओर से सिफारिशों की समीक्षा की प्रक्रिया होगी. इसके लिए मंत्रियों के समूह का गठन किया जा सकता है. समीक्षा के बाद प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए केंद्रीय कैबिनेट के सामने रखा जाएगा. इस पूरी प्रक्रिया में अतिरिक्त 3 से 6 महीने का समय लग सकता है. ऐसे में अगर आयोग मई 2027 में रिपोर्ट सौंपता है और सरकार इसे 2027 के अंत तक लागू करती है, तो 1 जनवरी 2026 से लागू होने की तारीख तक करीब 20 से 24 महीने का एरियर बन सकता है. हालांकि, वास्तविक एरियर की राशि सरकार द्वारा तय नियमों, फिटमेंट फैक्टर और अन्य वेतन संबंधी बदलावों पर निर्भर करेगी.
50 हजार रुपये की बेसिक सैलरी पर कितना बनेगा एरियर?
अब 50,000 रुपये की बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी का उदाहरण लेते हैं. मौजूदा 60 फीसदी DA के आधार पर 50,000 रुपये की बेसिक सैलरी पर 30,000 रुपये DA बनता है. इस तरह बेसिक और DA को जोड़ने पर कुल रकम 80,000 रुपये होती है. अगर 8वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है, तो 50,000 रुपये की बेसिक सैलरी बढ़कर 1,28,500 रुपये हो जाएगी.
कैलकुलेशन:
50,000 × 2.57 = 1,28,500 रुपये
इस हिसाब से मौजूदा बेसिक और 60 फीसदी DA से बनने वाली 80,000 रुपये की रकम की तुलना में अंतर 48,500 रुपये होगा.
1,28,500 – 80,000 = 48,500 रुपये
अगर इसी अंतर को संभावित मासिक एरियर के आधार के तौर पर देखा जाए, तो 12 महीने की देरी पर:
48,500 × 12 = 5,82,000 रुपये
यानी 12 महीने का संभावित एरियर करीब 5.82 लाख रुपये हो सकता है.
वहीं 18 महीने की देरी होने पर:
48,500 × 18 = 8,73,000 रुपये
यानी 18 महीने के हिसाब से संभावित एरियर करीब 8.73 लाख रुपये होगा.
अगर फिटमेंट फैक्टर 2.86 हुआ तो कितना बढ़ेगा एरियर?
अगर 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.86 तय किया जाता है, तो 50,000 रुपये की बेसिक सैलरी बढ़कर 1,43,000 रुपये हो जाएगी.
50,000 × 2.86 = 1,43,000 रुपये
इस स्थिति में मौजूदा 80,000 रुपये की बेसिक और DA वाली रकम की तुलना में अंतर 63,000 रुपये होगा.
1,43,000 – 80,000 = 63,000 रुपये
इसके आधार पर 12 महीने का संभावित एरियर:
63,000 × 12 = 7,56,000 रुपये
यानी करीब 7.56 लाख रुपये.
वहीं 18 महीने के हिसाब से:
63,000 × 18 = 11,34,000 रुपये
यानी संभावित एरियर करीब 11.34 लाख रुपये हो सकता है.
ध्यान रहे कि ऊपर दिया गया कैलकुलेशन 50,000 रुपये की बेसिक सैलरी, 60 फीसदी DA और बताए गए फिटमेंट फैक्टर के आधार पर उदाहरण के तौर पर है. वास्तविक एरियर की गणना 8वें वेतन आयोग की अंतिम सिफारिशों और सरकार की ओर से तय किए जाने वाले नियमों के आधार पर ही होगी.
यह भी पढ़े: काला सागर में तुर्किये के मालवाहक जहाज पर ड्रोन हमला, कैप्टन सहित दो की मौत