Air India Fuel Surcharge: भारतीय मध्यम वर्ग के लिए हवाई यात्रा अब केवल सुविधा नहीं बल्कि जरूरत भी बन चुकी है. लेकिन अब इस सुविधा के लिए यात्रियों को अपनी जेब थोड़ा और ढीली करनी पड़ सकती है. एयर इंडिया समूह ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला लिया है. कंपनी का कहना है कि बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण यह कदम उठाना जरूरी हो गया था.
आम यात्रियों पर पड़ेगा सीधा असर
एयर इंडिया के इस फैसले का सबसे ज्यादा असर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो सीमित बजट में यात्रा की योजना बनाते हैं. उदाहरण के तौर पर अगर कोई परिवार दिल्ली से मुंबई या बेंगलुरु की यात्रा करता है तो प्रति टिकट करीब 399 रुपये अतिरिक्त देने होंगे. ऐसे में पूरे परिवार के लिए यात्रा का खर्च काफी बढ़ सकता है.
छुट्टियों की विदेश यात्रा हो सकती है महंगी
मिडिल क्लास परिवार अक्सर महीनों पहले से पैसे जोड़कर गर्मियों की छुट्टियों में विदेश यात्रा की योजना बनाते हैं. लेकिन अब अमेरिका या ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के लिए प्रति यात्री करीब 16,000 रुपये तक अतिरिक्त खर्च करना पड़ सकता है. इससे कई परिवारों के ट्रैवल बजट पर बड़ा असर पड़ सकता है.
बिजनेस ट्रैवल पर भी पड़ेगा प्रभाव
छोटे व्यापारी और कारोबारी जो अक्सर काम के सिलसिले में फ्लाइट से यात्रा करते हैं, उनके लिए भी खर्च बढ़ जाएगा. इससे बिजनेस ऑपरेशन की लागत बढ़ सकती है और इसका असर अंततः ग्राहकों पर भी पड़ सकता है.
इमरजेंसी यात्रा करना होगा महंगा
अगर किसी को अचानक किसी जरूरी काम या मेडिकल इमरजेंसी के कारण यात्रा करनी पड़े तो अब उन्हें बेस टिकट किराये के साथ अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज भी देना होगा. इससे अचानक यात्रा करने वालों की जेब पर ज्यादा बोझ पड़ सकता है.
आखिर क्यों बढ़ाया गया फ्यूल सरचार्ज
एयर इंडिया के अनुसार वैश्विक बाजार में कच्चे तेल और जेट फ्यूल यानी ATF की कीमतों में लगातार तेजी आ रही है. खासतौर पर पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण मार्च 2026 की शुरुआत से ही ईंधन की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं. एयरलाइन का कहना है कि उसके कुल खर्च का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा केवल ईंधन पर खर्च होता है. ऐसे में घाटे से बचने के लिए यह फैसला लिया गया है.
तीन चरणों में लागू होगा नया शुल्क
एयर इंडिया इस नए फ्यूल सरचार्ज को तीन चरणों में लागू करेगी.
- पहला चरण (12 मार्च से): घरेलू उड़ानों और सार्क देशों के लिए यात्रियों को लगभग 399 रुपये अतिरिक्त देने होंगे. वहीं दक्षिण पूर्व एशिया के देशों जैसे थाईलैंड और वियतनाम के लिए करीब 60 डॉलर यानी लगभग 5000 रुपये तक का सरचार्ज लगेगा.
- दूसरा चरण (18 मार्च से): लंबी दूरी की उड़ानों के लिए सरचार्ज और बढ़ाया जाएगा. यूरोप के लिए लगभग 125 डॉलर और अमेरिका तथा ऑस्ट्रेलिया के लिए करीब 200 डॉलर तक अतिरिक्त शुल्क देना होगा.
- तीसरा चरण: एयर इंडिया जल्द ही जापान और दक्षिण कोरिया जाने वाली उड़ानों के लिए भी नए फ्यूल सरचार्ज की घोषणा कर सकती है.
पहले से बुक टिकट वालों को राहत
हालांकि जिन यात्रियों ने पहले ही टिकट बुक कर ली है उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है. एयर इंडिया ने साफ किया है कि पहले से बुक की गई टिकटों पर नया सरचार्ज लागू नहीं होगा. लेकिन जो यात्री 12 मार्च के बाद यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए अभी टिकट बुक करना फायदेमंद हो सकता है.
यह भी पढ़े: भारत में महिला-सह-संस्थापक स्टार्टअप्स की फंडिंग घटी, अर्ली-स्टेज निवेश में बढ़ोतरी

