Bank Holiday For Bakrid 2026: देशभर में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी हैं. बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है और लोग त्योहार की खरीदारी में जुट गए हैं. हालांकि इस बार बकरीद की तारीख को लेकर अलग-अलग राज्यों में स्थिति थोड़ी अलग नजर आ रही है. कुछ स्थानों पर बकरीद 27 मई को मनाई जाएगी, जबकि कई राज्यों में यह त्योहार 28 मई को मनाया जाएगा. इसी कारण बैंक छुट्टियों को लेकर भी लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है.
त्योहारों के दौरान बैंक से जुड़े कामकाज बढ़ जाते हैं. कई लोग कैश निकासी, चेक जमा करने, पासबुक अपडेट कराने और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए पहले से योजना बनाते हैं. ऐसे में अगर आप भी बकरीद के दौरान बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करने की सोच रहे हैं, तो पहले यह जान लेना जरूरी है कि आपके शहर में बैंक कब बंद रहने वाले हैं.
27 मई को इन राज्यों में बंद रहेंगे बैंक
बकरीद के अवसर पर 27 मई को कई राज्यों और शहरों में बैंक बंद रहने वाले हैं. इनमें शामिल हैं:
- नई दिल्ली
- पंजाब
- उत्तर प्रदेश
- हरियाणा
- जम्मू-कश्मीर
- बिहार के कुछ जिले
- उत्तराखंड
- पश्चिम बंगाल
- छत्तीसगढ़
- झारखंड
- हिमाचल प्रदेश
- तेलंगाना
- आंध्र प्रदेश
- असम
- त्रिपुरा
- मिजोरम
- मणिपुर
- नागालैंड
- मेघालय
- केरल
इन क्षेत्रों में बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहेगा.
28 मई को इन राज्यों में बैंक रहेंगे बंद
वहीं कुछ राज्यों में बकरीद 28 मई को मनाई जाएगी. ऐसे में इन क्षेत्रों में बैंक अवकाश रहेगा:
- महाराष्ट्र
- मध्य प्रदेश
- कर्नाटक
- तमिलनाडु
- राजस्थान
- गोवा
- बिहार के कुछ जिले
इन राज्यों में दोनों दिन बंद रहेंगे बैंक
जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर, श्रीनगर और केरल में 27 और 28 मई दोनों दिन बैंक बंद रह सकते हैं. इसलिए इन क्षेत्रों के लोगों को अपने बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लेने चाहिए.
बकरीद के बाद भी दो दिन बंद रहेंगे बैंक
अगर आपको लगता है कि छुट्टियां केवल बकरीद तक सीमित हैं, तो ऐसा नहीं है. बकरीद के बाद भी इसी महीने बैंक दो दिन और बंद रहने वाले हैं. 30 मई को बैंक अवकाश रहेगा क्योंकि हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं. इसके बाद 31 मई को रविवार होने की वजह से देशभर में बैंक बंद रहेंगे. लगातार छुट्टियों की वजह से बैंक से जुड़े जरूरी कामों की पहले से योजना बनाना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है.
बैंक बंद होने पर कैसे करें जरूरी काम?
अगर बैंक बंद रहने के दौरान आपको किसी जरूरी काम की जरूरत पड़ती है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. आज के समय में अधिकांश बैंकिंग सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं. ग्राहक नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी सुविधाओं के जरिए पैसे ट्रांसफर, बिल भुगतान, बैलेंस चेक और कई अन्य काम आसानी से कर सकते हैं. हालांकि, यदि आपका काम चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट, डिमांड ड्राफ्ट या शाखा में जाकर किए जाने वाले कार्यों से जुड़ा है, तो बैंक जाने से पहले छुट्टियों की जानकारी जरूर जांच लें.
यह भी पढ़े: तेल की धार, जेब पर वार: 12 दिनों में महंगाई ने तोड़ी आम आदमी की कमर, देखें पूरा रिपोर्ट कार्ड