Africa celebration: अफ्रीकी देश तंजानिया के हाथ एक और खजाना लगा है. अमेरिका-ईरान की जंग की वजह से दुनिया में तेल-गैस की कमी हुई है, तब तंजानिया ने देश के दक्षिण में स्थित मनाजी बे इलाके में नेचुरल गैस की एक बड़ी खोज की है. तंजानिया के लिए यह एक बहुत बड़ी खबर है क्योंकि एक दशक में यह अपनी तरह की पहली खोज है. यहां से 223 अरब क्यूबिक फीट नेचुरल गैस निकाला जा सकता है. यानी यह खजाना लगभग 25 हजार करोड़ रुपए का होगा.
देश के ऊर्जा मंत्री जुमा होमेरा ने इस मौके पर ‘कासा-1X ST2’ कुएं पर आयोजित एक समारोह में हिस्सा लिया. यह कुआं वहां की सरकारी कंपनी ‘तंजानिया पेट्रोलियम डेवलपमेंट कॉरपोरेशन’ (TPDC) और फ्रांस की तेल कंपनी ‘मौरल एंड प्रॉम’ की संयुक्त संपत्ति है. उन्होंने कहा कि लगभग 223 अरब क्यूबिक फीट नेचुरल गैस की यह खोज इस पूर्वी अफ्रीकी देश में छोटे तेल और गैस क्षेत्र के विकास में एक बड़ी उपलब्धि है.
अगले महीने शुरू हो जाएगा उत्पादन
देश को उम्मीद है कि इस नए कुएं से अगले महीने की शुरुआत में नेचुरल गैस का उत्पादन शुरू हो जाएगा. इसका उद्देश्य देश के अंदर ही घरेलू सप्लाई को बढ़ाना है. बता दें कि तंजानिया के पास पहले से ही 57.54 ट्रिलियन क्यूबिक फीट प्राकृतिक गैस का भंडार मौजूद है. अब इस सोने में सुहागा लग गया है. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ऊर्जा मंत्री होमेरा ने कहा कि यह खोज देश के लिए बहुत अहम है. इससे देश को सस्ती, भरोसेमंद, साफ और सुरक्षित बिजली मिल सकेगी. यह ऐसे समय में और भी जरूरी है, जब फैक्ट्रियां और दूसरे काम बढ़ने से बिजली की जरूरत बढ़ रही है.