ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में माइकल हसी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, वनडे विश्व कप के लिए कोचिंग कंसल्टेंट नियुक्त

New Delhi: ऑस्ट्रेलिया ने पूर्व बल्लेबाज माइकल हसी को 2027 एशेज और वनडे विश्व कप के लिए कोचिंग कंसल्टेंट नियुक्त किया है. इसके अलावा हसी को लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 और ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए टी20 सलाहकार बनाया है. हसी ने पिछले कुछ सालों में ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड के साथ कभी-कभी काम किया है. खासकर वह प्रतिवर्ष पर्थ टेस्ट से पहले एक अतिरिक्त बैटिंग कंसल्टेंट के तौर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ जुड़ते हैं.

बतौर कोच लंबा समय नहीं दे सके

वह अपनी कमेंट्री भूमिकाओं और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और द हंड्रेड में वेल्श फायर की कोचिंग टीम का हिस्सा होने की वजह से ऑस्ट्रेलिया के लिए बतौर कोच लंबा समय नहीं दे सके हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक सीएसके में हसी के साथ काम करने वाले स्टीफन फ्लेमिंग जब न्यूजीलैंड टेस्ट टीम के हेड कोच बने, तो उन्होंने हसी को अपनी कोचिंग टीम के साथ जुड़ने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन इस प्रस्ताव को इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने स्वीकार नहीं किया था.

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज

हसी कोचिंग कंसल्टेंट के तौर पर ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना कार्य इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से शुरू करेंगे. इसके बाद पर्थ में न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज की तैयारी में ऑस्ट्रेलिया की मदद करेंगे. इस मौके पर माइकल हसी ने कहा, मैं आने वाले वर्षों में टीम के लिए ज्यादा आधिकारिक और अर्थपूर्ण रोल निभाने को लेकर बहुत उत्साहित हूं. इस टीम ने पिछले कुछ समय में बहुत कुछ हासिल किया है. मुझे उम्मीद है कि मैं इस रोमांचक और चुनौतीपूर्ण समय से पहले कोचिंग और प्लेइंग ग्रुप्स का मूल्य बढ़ा पाऊंगा.

हमारे स्टाफ का एक बहुत अहम हिस्सा

ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच मैकडोनाल्ड ने कहा, माइक पहले भी हमारे स्टाफ का एक बहुत अहम हिस्सा रहे हैं और उनके पास काफी स्किल सेट है जो कोच और खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद है. एक खिलाड़ी और कोच के तौर पर कई फॉर्मेट, कॉम्पिटिशन, देशों में उनकी विशेषज्ञता ही नहीं, बल्कि एक इंसान के तौर पर उनकी क्षमता भी बहुत कीमती है. हसी का मुख्य फोकस टी20 पर होगा. वह 2022 में टी20 विश्व कप जीतने वाली इंग्लैंड कोचिंग टीम का हिस्सा रहे हैं.

मुख्य कोच की जिम्मेदारी आंद्रे बोरोवेक संभालेंगे

मैकडोनाल्ड इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से आराम करने वाले हैं. उनकी जगह मुख्य कोच की जिम्मेदारी आंद्रे बोरोवेक संभालेंगे. हसी, बोरोवेक के साथ इंग्लैंड के खिलाफ एक युवा ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए अपनी कंसल्टेंसी शुरू करेंगे.

इसे भी पढ़ें. मिडटर्म में हार के बाद ट्रंप का ‘VETO’ दांव! बोले- ताकत मेरे हाथ में, हर फैसले पर लगा सकता हूं रोक

Latest News

न्यूजीलैंड के चुनाव में महंगाई व स्वास्थ्य बना मुद्दा, सत्ताधारी नेशनल पार्टी और लेबर पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला

Wellington: न्यूजीलैंड में शनिवार को होने वाले आम चुनाव से पहले सत्ताधारी नेशनल पार्टी और विपक्षी लेबर पार्टी के...

More Articles Like This

Exit mobile version