Melbourne: ऑस्ट्रेलिया की निर्दलीय सांसद हेलेन हेन्स की जान बचाने के लिए उनका दूसरा पैर भी काटना पड़ा. हेन्स के पति फिल ने इसकी जानकारी दी. वहीं पुलिस ने देश में बदलते राजनीतिक माहौल को लेकर फिक्र जाहिर की है. उनके पति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनका हेल्थ अपडेट दिया. उन्होंने कहा कि हेलेन के दूसरे पैर को काटना पड़ा, लेकिन अच्छी खबर यह है कि वह जीवित और स्थिर हैं.
हेलेन का बायां पैर काटना पड़ा
उन्होंने आगे कहा कि सोमवार को जो हुआ वह एक भयानक घटना थी. इसके कारण हेलेन को गंभीर चोट आई. इसके परिणामस्वरूप सोमवार को हेलेन का बायां पैर काटना पड़ा. हमें उम्मीद थी कि उसका दायां पैर बच जाएगा, लेकिन फिर आज (बुधवार) सर्जनों को उनका दायां पैर भी हटाना पड़ा. फिल ने कहा कि उनके परिवार के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह जीवित है और उसकी हालत स्थिर है.
आरोपी को अदालत से जमानत नहीं मिली
हमले के आरोपी ब्रेंडन न्यूजन को अदालत से जमानत नहीं मिली. इस घटना के बाद देश में राजनीतिक माहौल में बढ़ती कटुता और जनप्रतिनिधियों को मिल रही धमकियों पर चिंता जताई जा रही है. ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस की आयुक्त क्रिसी बैरेट ने देश के मौजूदा राजनीतिक माहौल को तनावपूर्ण और विस्फोटक बताते हुए कहा कि सांसदों को धमकियां मिलने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं. उन्होंने बताया कि सांसदों को धमकाने के आरोप में औसतन हर सप्ताह एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई हो रही है.
वांगाराटा मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश
43 वर्षीय आरोपी ब्रेंडन न्यूजन बुधवार को विक्टोरिया राज्य के वांगाराटा मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश हुआ. उस पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर गंभीर चोट पहुंचाने, जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाने और एक पदाधिकारी को नुकसान पहुंचाने से संबंधित संघीय अपराध के आरोप हैं. उस पर भांग रखने से संबंधित आरोप भी लगाया गया है. आरोपी ने जमानत के लिए आवेदन नहीं किया और हिरासत में रहेगा.
लैंडक्रूजर गाड़ी से सांसद को टक्कर मारी
यह घटना सोमवार को विक्टोरिया राज्य के वांगाराटा में हेलेन हेन्स के निर्वाचन क्षेत्र कार्यालय के बाहर हुई थी. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर अपनी टोयोटा लैंडक्रूजर गाड़ी से सांसद को टक्कर मारी. प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने घटना को जानबूझकर किया गया हमला बताया. हालांकि, हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है और जांच जारी है.
कोई विशिष्ट खुफिया जानकारी नहीं थी
65 वर्षीय हेन्स को मेलबर्न के अल्फ्रेड अस्पताल में भर्ती कराया गया. ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस और विक्टोरिया पुलिस ने कहा कि उनके पास ऐसी कोई विशिष्ट खुफिया जानकारी नहीं थी जिससे आरोपी द्वारा इस तरह का हमला किए जाने का पहले से अंदाजा लगाया जा सकता. अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर साझा किए गए उसके विचारों और हमले के संभावित राजनीतिक संबंधों की भी जांच की है. इस घटना ने ऑस्ट्रेलिया में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर बहस तेज कर दी है.
इसे भी पढ़ें. टाइगर श्रॉफ पर हमले में यूपी कनेक्शन! राधा-बबीता ने ट्रेन से पहुंचाई थी पिस्टल, फायरिंग केस में 4 गिरफ्तार