US-Israel Iran Attack: ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक के बाद अयातुल्ला अली खामेनेई के 56 वर्षीय बेटे मोजतबा खामेनेई को देश का नया सुप्रीम लीडर घोषित कर दिया है. ईरान इंटरनेशनल समेत कई वैश्विक मीडिया संस्थानों की रिपोर्टों के मुताबिक ईरान के भविष्य का फैसला करने वाली 88 वरिष्ठ मौलवियों की सभा ने मोजतबा खामेनेई के नाम पर मुहर लगाई है.
इजरायल-अमेरिका की चुनौती का सामना
ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के मुताबिक यह चयन शक्तिशाली ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर के दबाव में किया गया है. अब दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मोजतबा के नेतृत्व में ईरान इस भीषण युद्ध और इजरायल-अमेरिका की चुनौती का सामना किस तरह करता है. पिछले कुछ दिनों से ईरान और इजरायल के बीच जारी भीषण संघर्ष ने उस वक्त एक नया मोड़ ले लिया जब अमेरिका और इजरायल के एक संयुक्त सैन्य हमले में ईरान के सबसे ताकतवर शख्सियत और सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की जान चली गई.
हमले के बाद से ही ईरान में नेतृत्व का संकट
28 फरवरी की उस विनाशकारी रात को हुए हमले के बाद से ही ईरान में नेतृत्व का संकट बना हुआ था, जिसे अब आधिकारिक तौर पर सुलझा लिया गया है. यह सत्ता परिवर्तन एक ऐसे दौर में हुआ है जब पूरा क्षेत्र बारूद के ढेर पर बैठा है. 28 फरवरी को हुए उस जोरदार हमले के जवाब में ईरान ने भी अपनी पूरी सैन्य शक्ति झोंक दी है.
अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना
ईरान की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में खाड़ी के सात अलग-अलग देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिसके कारण मिडिल ईस्ट में तनाव अपनी चरम सीमा पर पहुंच गया है. मोजतबा खामेनेई (56 वर्ष) एक मध्यम स्तर के शिया धर्मगुरु हैं और लंबे समय से पर्दे के पीछे प्रभावशाली भूमिका निभाते आए हैं. वे IRGC और बसिज मिलिशिया से गहरे जुड़े हुए माने जाते हैं.
मूल भावना में वंशानुगत उत्तराधिकार खारिज
हालांकि, इस नियुक्ति पर विवाद है क्योंकि ईरान की इस्लामी क्रांति की मूल भावना में वंशानुगत उत्तराधिकार को खारिज किया जाता है, और कई कट्टरपंथी भी इसे राजशाही जैसा मानकर विरोध कर सकते हैं. मोजतबा की धार्मिक योग्यता (हुज्जतुल इस्लाम रैंक) को भी सर्वोच्च नेता के पद के लिए अपर्याप्त माना जा रहा है, लेकिन आईआरजीसी के समर्थन ने इसे मुमकिन बना दिया.
इसे भी पढ़ें. होली के जश्न में डूबा देश, राष्ट्रपति मुर्मू, PM Modi समेत कई नेताओं ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

