Beijing Plane Crash: बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत से टकराया विमान, हादसे के बाद पूरे इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Beijing Plane Crash: चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक हल्का विमान शहर की सबसे ऊंची इमारत CITIC Tower से टकरा गया. टक्कर इतनी तेज थी कि इमारत के ऊपरी हिस्से को नुकसान पहुंचा और विमान के टुकड़े नीचे जमीन पर आ गिरे. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया और राहत एवं जांच कार्य शुरू कर दिया. 109 मंजिला CITIC Tower, जिसे ‘चाइना जून’ (China Zun) के नाम से भी जाना जाता है, बीजिंग के गुओमाओ जिले में स्थित है और चीन की सबसे प्रतिष्ठित गगनचुंबी इमारतों में गिनी जाती है.

टक्कर के बाद टूटीं खिड़कियां, नीचे गिरा विमान का मलबा

द सन (The Sun) की रिपोर्ट के मुताबिक, वायरल वीडियो में विमान को इमारत के एक हिस्से से टकराते हुए देखा जा सकता है. टक्कर के बाद टावर की कम से कम दो खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि विमान पूरी तरह टूटकर नीचे गिर गया. वीडियो में विमान के मलबे को इमारत से नीचे गिरते और जमीन पर धुआं उठते हुए भी देखा जा सकता है. हालांकि, प्रशासन ने अभी तक इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

पूरे इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

हादसे के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल को चारों ओर से घेर लिया. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, बिल्डिंग के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. सुरक्षाकर्मियों ने लोगों को घटनास्थल की फोटो और वीडियो बनाने से भी रोक दिया है. राहत और जांच कार्य को देखते हुए आसपास की कई सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.

किस विमान का हुआ हादसा?

स्थानीय प्रशासन ने अभी तक इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने या विमान में सवार लोगों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है. FlightRadar24 के रिकॉर्ड के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान Sunward SA60L Aurora था. यह दो सीटों वाला, एक इंजन से संचालित हल्का स्पोर्ट्स एयरक्राफ्ट है, जिसका निर्माण चीन की StarAir Aircraft Company ने किया है.

बीजिंग में पहले से लागू हैं कड़े एयरस्पेस नियम

बीजिंग में छोटे विमानों और ड्रोन के संचालन को लेकर पहले से ही कड़े नियम लागू हैं. राजधानी में किसी भी छोटे विमान को उड़ाने के लिए सिविल एविएशन अथॉरिटी और चीन की वायु सेना दोनों की अनुमति आवश्यक होती है. इसके अलावा, बिना अनुमति मनोरंजन के उद्देश्य से विमान या ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध है. राजधानी में ड्रोन उड़ाने, बेचने और किराये पर देने पर भी रोक लागू है. केवल यानकिंग (Yanqing) जिले को ड्रोन परीक्षण के लिए विशेष अनुमति दी गई है.

प्रशासन की जांच जारी

फिलहाल हादसे के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि विमान टावर से कैसे टकराया. दुर्घटना में किसी के हताहत होने या नुकसान का पूरा विवरण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.

यह भी पढ़े: Pakistan Crime: पाकिस्तानी सेना का बलूचिस्तान में अत्याचार, केच जिले में जलाए लोगों के घर

Latest News

Lychee Benefits and Side Effects: लीची खाने से पहले जान लें इसके फायदे और नुकसान, इन लोगों को रहना चाहिए सावधान

गर्मियों का पसंदीदा फल लीची स्वाद के साथ सेहत के लिए भी कई फायदे देता है. हालांकि इसका अधिक सेवन या कुछ स्वास्थ्य समस्याओं में इसे खाना नुकसान पहुंचा सकता है. जानिए पूरी जानकारी.

More Articles Like This

Exit mobile version