Birds chirping: कुछ पक्षियों की आवाजें शहद सी मीठी होती है, जो इंसानों को सुकून महसूस कराती है. तो कुछ आवाजें ऐसी होती है, जिन्हें सुनकर हम अपनी खिड़कियों को बंद कर लेते हैं. वहीं, सबसे सुरीली आवाज वाली चिड़ियों की बात करें तो भारत में हम कोयल या मैना का नाम लेते हैं. लेकिन क्या आपने सोचा है कि दुनिया की सबसे सुरीली चिड़ियां कौन सी है?
इंसानों की सुनने की क्षमता और पक्षियों के गाने के बीच संबंध पर की गई नई रिसर्च पर आधारित एक जर्मन स्टडी से पता चला है कि कॉमन ब्लैकबर्ड का गाना सबसे सुखद लगता है क्योंकि यह हर जरूरी पैमाने पर एकदम सही रेंज में होता है- जैसे फ्रीक्वेंसी (पिच), एम्प्लीट्यूड (आवाज की तेज़ी) और गाने का स्ट्रक्चर (जटिलता). बता दें कि पक्षियों की आवाज से जुड़े पहलुओं और इंसानों को वे कितनी सुखद लगती हैं, इसका विश्लेषण करने के लिए इस स्टडी में 84 लोगों को शामिल किया गया और पक्षियों की 123 प्रजातियों को एक से पांच के पैमाने पर आंका गया.
क्या है कॉमन ब्लैकबर्ड का साइंटिफिक नाम
रिपोर्ट के अनुसार, इस सर्वे में 5 में से औसतन 4.52 रेटिंग के साथ कॉमन ब्लैकबर्ड (यूरेशियन ब्लैकबर्ड) सबसे आगे रही. इस पक्षी का साइंटिफिक नाम ‘टर्डस मेरूला’ (Turdus merula) है. यह चिड़िया आमतौर पर बगीचों, पार्कों और जंगलों में दिखने वाली पूरे यूरोप में आम है. इसकी आवाज बहुत सुरीली, मधुर और बांसुरी जैसी होती है.
सबसे कर्कश आवाज वाला पक्षी
इसी रिसर्च में सबसे कर्कश आवाज बार्न उल्लू का माना गया, जिसकी आवाज को औसतन 1.32 रेटिंग मिली. बार्न उल्लू की आवाज एक डरावनी और कर्कश चीख जैसी होती है. सर्वे में शामिल अन्य पक्षियों में, यूरोपियन गोल्डफिंच को 5 में से 4.26 का सुखद स्कोर मिला, इसके बाद यूरोपियन रॉबिन को 4.04 और ब्लू टिट को 3.92 स्कोर मिला.

