अमेरिका में भारतीय युवक ने महिला की हत्या कर खुद को गोली से उड़ाया, एरिजोना के रास्ते US में दाखिल हुआ था आरोपी

Must Read

New York: अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल के युवक ने 38 वर्षीय महिला शालिनी ठाकुर की हत्या के बाद खुद को गोली से उड़ा दिया. आरोपी रोहित शालिनी का महीनों तक पीछा कर रहा था. अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के मुताबिक, 22 वर्षीय आरोपी रोहित ने सैक्रामेंटो के एक शॉपिंग सेंटर में शालिनी को उसकी कार के पास घेरा. शालिनी जान बचाकर भागने लगी तो आरोपी ने उसका पीछा किया और कई गोलियां मार दीं.

सिर में बेहद करीब से मारी गोली 

DHS के मुताबिक, 8 सितंबर को हुई इस वारदात में आरोपी ने शालिनी पर कई गोलियां चलाईं. जमीन पर गिरने के बाद भी उसने कथित तौर पर शालिनी के सिर में बेहद करीब से गोली मारी और फिर अपनी कार से फरार हो गया. बाद में अधिकारियों ने आरोपी की कार को रोकने और उसे बाहर आने के लिए कहा. हालांकि, अधिकारियों को वाहन के अंदर उसका शव मिला. सैक्रामेंटो काउंटी कोरोनर कार्यालय के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी.

जनवरी से ही शालिनी का पीछा कर रहा था आरोपी 

जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर जनवरी से ही शालिनी को परेशान और उसका पीछा कर रहा था. शालिनी को अपनी कार के बोनट के नीचे एक Apple AirTag मिला था, जिसके बाद उसे आरोपी के पीछा करने का पता चला. रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर शालिनी की कार के टायरों की हवा भी निकाल दी थी. वह उसके कार्यस्थल तक उसका पीछा करता था और फिर मदद करने के बहाने उसके करीब आने की कोशिश करता था. मामला यहीं नहीं रुका.

भारत का रहने वाला था आरोपी रोहित

सैक्रामेंटो काउंटी शेरिफ कार्यालय के मुताबिक, आरोपी ने शालिनी के अपार्टमेंट की चाबी की एक प्रति भी हासिल कर ली थी. वह कथित तौर पर उस समय उसके घर में घुस गया था जब शालिनी सो रही थी. DHS के एक प्रवक्ता के मुताबिक, आरोपी रोहित भारत का रहने वाला था और 2023 में एरिजोना के रास्ते अमेरिका में दाखिल हुआ था. प्रवक्ता ने उसे अवैध रूप से रह रहा भारतीय नागरिक बताया है. प्रवक्ता के अनुसार, अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल ने उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में बाइडन प्रशासन के दौरान उसे रिहा कर दिया गया. हालांकि, शुक्रवार तक उसके आव्रजन दर्जे से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी थी.

इसे भी पढ़ें. पाकिस्तान के स्थायी टेस्ट कोच बनना चाहते हैं माइक हेसन, नई जिम्मेदारी को लेकर खुद दिया बड़ा बयान

Latest News

India Renewable Energy: स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि, क्षमता 300 GW के पार; 2030 तक 530 GW का अनुमान

India Renewable Energy: भारत वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा बाजार में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है. देश में...

More Articles Like This