Canada: बागी सांसदो को झटका, जस्टिन ट्रूडो नहीं छोड़ेंगे पीएम पद, लड़ेंगे चुनाव

Raginee Rai
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Canada: कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो अपनी पार्टी के सांसदों की नाराजगी के बावजूद अपने पद पर बने रहने की जिद पर अड़े हैं. साथ ही उन्‍होंने स्‍पष्‍ट कर दिया है कि वह फिर से चुनाव लड़ेंगे और लिबरल पार्टी का नेतृत्‍व करेंगे. मालूम हो कि जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी में ही उनके खिलाफ विरोध देखा जा रहा है. पार्टी के सांसदों ने उनके इस्‍तीफे की मांग की है. सांसदों का मानना है कि ट्रूडो सरकार के खिलाफ लोगों में काफी नाराजगी है. हालांकि, अब ट्रूडो ने साफ कर दिया है कि वह इस्‍तीफा देने वाले नहीं हैं.

क्या बोले जस्टिन ट्रूडो

जस्टिन ट्रूडो से पत्रकारों ने पूछा था कि क्या वे 28 अक्टूबर के बाद भी पीएम पद पर बने रहेंगे? इस पर ट्रूडो ने साफ कहा- हां. जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि आगे का रास्ता क्या होगा, इस बारे में पार्टी के अंदर गंभीर बातचीत चल रही है, लेकिन यह सब मेरे नेतृत्व में ही होगा.

मैं अगला चुनाव (यानी 2025 का चुनाव) लड़ूंगा. बता दें कि लिबरल पार्टी के सांसदों ने प्रधानमंत्री पद छोड़ने पर फैसला करने के लिए जस्टिन ट्रूडो को 28 अक्टूबर तक का समय दिया है. हाल में हुए दो जिलों के चुनाव में लिबरल पार्टी को हार मिला था, जिसके बाद पार्टी के अंदर ही ट्रूडो के नेतृत्व के खिलाफ सांसदों में नाराजगी है और इस्‍तीफे की मांग की जा रही है.

घट रही है ट्रूडो की लोकप्रियता

बता दें कि, जस्टिन ट्रूडो पिछले 9 सालों से सत्ता में हैं. कनाडा के इतिहास में पिछले एक सदी से भी अधिक समय में कोई भी कनाडाई पीएम लगातार चार बार चुनाव नहीं जीता है. जस्टिन ट्रूडो अपने नाम यह कीर्तिमान स्थापित करना चाहते हैं लेकिन सर्वे के नतीजे उनके खिलाफ जाते दिख रहे हैं. ट्रूडो की लोकप्रियता लगातार कम हो रही है.

बीते बुधवार को ट्रूडो ने अपनी पार्टी के सांसदों से तीन घंटे तक मुलाकात की. यहां उन्हें यह पता चला कि उनकी पार्टी के 24 सांसदों ने चुनाव से पहले पद छोड़ने की मांग वाले पत्र पर साइन किया है. जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि आगे बढ़ने के सबसे अच्छे तरीके के बारे में ‘मजबूत बातचीत’ जारी है. एक सदी से भी अधिक समय से किसी भी कनाडाई प्रधानमंत्री को लगातार चार बार जीत नहीं मिली है. ट्रूडो के कैबिनेट मंत्रियों ने कहा कि उन्हें हाउस ऑफ कॉमन्स के 153 लिबरल पार्टी सदस्यों का विशाल बहुमत प्राप्‍त है.

बागी सांसदों की चेतावनी

कनाडा में संघीय चुनाव अक्‍टूबर 2025 तक के बीच में कभी भी हो सकता है. ट्रूडो की लिबरल पार्टी को संसद में कम से कम एक प्रमुख पार्टी का समर्थन चाहिए. क्योंकि ट्रूडो के पास पूर्ण बहुमत नहीं है. कनाडा में बढ़ती महंगाई, अप्रवासन को लेकर ट्रूडो सरकार घिर गई है. भारत के साथ लगातार खराब संबंध से भी उनकी छवि खराब हुई है. उनकी पार्टी के 24 बागी सांसदों ने उन्हें 28 अक्टूबर तक इस्तीफा देना या फिर परिणाम भुगतने के लिए कहा है.

ये भी पढ़ें :- कनाडा में खालिस्तानियों से सतर्क रहें भारतीय छात्र, संजय वर्मा ने अभिभावकों से भी की ये अपील

 

Latest News

Dussehra Wishes: अधर्म पर धर्म की विजय…, इन संदेशों के साथ प्रियजनों को दें दशहरा की शुभकामनाएं

Dussehra Wishes: देशभर में दशहरा का त्यौहार की बड़ी धूम रहती है. इस पर्व को बुराई पर अच्छाई की...

More Articles Like This

Exit mobile version