China Floods: चीन में बावी तूफान के वजह से भारी बारिश और बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है, जिसके मद्देनजर चीन के जल संसाधन मंत्रालय ने येलो अलर्ट जारी किया है. इस बीच मौसम विभाग का अनुमान है कि चीन में मंगलवार तक देश के कई हिस्सों में तेज बारिश होगी. वहीं, इससे पहले भी तूफान मेसाक की वजह से भी चीन के गांक्सी प्रांत में भारी तबाही मची थी.
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक पूर्वी, मध्य और दक्षिणी चीन के कई इलाकों में 40 से 90 मिमी तक बारिश होने के आसार है. वहीं कुछ जगहों पर 260 मिमी से अधिक बारिश होने की संभावना है. बारिश और बाढ़ से प्रभावित इलाकों में यांग्त्जे-हुआईहे क्षेत्र, येलो रिवर का इलाका और उत्तर-पूर्वी चीन शामिल हैं.
ताइहू झील, लियाओहे और सोंगहुआ नदियों में भी बाढ़ आने का खतरा
चीन में बाढ़ की चेतावनी के चार स्तर होते हैं, जिनमें सबसे गंभीर रेड, फिर ऑरेंज, उसके बाद येलो और सबसे नीचे ब्लू अलर्ट आता है. येलो अलर्ट का मतलब होता है कि लोगों और प्रशासन को पहले से सतर्क रहने की जरूरत है. वहीं, अधिकारियों का कहना है कि हाईहे नदी बेसिन में इस साल की पहली बाढ़ पहले ही आ चुकी है. अब लगातार हो रही बारिश के कारण ताइहू झील, लियाओहे और सोंगहुआ नदियों में भी बाढ़ आने का खतरा बढ़ा हुआ है.
निचले इलाकों में जाने की मनाही
ऐसे में प्रशासन ने स्थानिय लोगों को चेतावनी दी है कि अचानक बाढ़, पहाड़ी इलाकों में तेज पानी का बहाव और शहरों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिसे लेकर लोगो से भारी बारिश के दौरान निचले इलाकों, अंडरपास और पहाड़ी घाटियों में जाने से बचने की अपील की गई है.
बता दें कि इस साल का नौवां तूफान बावी शनिवार को देर रात झेजियांग प्रांत के तट से दो बार टकराया. इसके बाद ये अंदरूनी इलाकों की ओर बढ़ गया. हालांकि इसे लेकर मौसम विभाग का कहना है कि यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाएगा.
अस्थायी रूप से बंद किए गए पर्यटन स्थल
वहीं, टाइफून के असर को देखते हुए शनिवार शाम तक शंघाई के 50 से अधिक प्रमुख पर्यटन स्थलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया या उनके खुलने का समय बदल दिया गया. इससे पहले राष्ट्रीय मौसम केंद्र ने भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट और टाइफून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. मौसम विभाग के अनुसार, झेजियांग और उत्तरी फुजियान के कुछ इलाकों में 250 से 500 मिमी तक बारिश हो सकती है. वहीं ताइवान के मध्य और उत्तरी हिस्सों में 250 से 800 मिमी तक बारिश होने की संभावना है.

