New Delhi: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी दीप्ति शर्मा ने ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास रच दिया है. स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान उन्होने अपने आप को दिग्गज झूलन गोस्वामी के बराबर में ला खड़ा किया है. लीड्स में खेले गए ग्रुप-ए मुकाबले में दीप्ति ने तीन ओवर में 26 रन देकर एक विकेट हासिल किया.
झूलन गोस्वामी के रिकॉर्ड की बराबरी
इस विकेट के साथ उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल विकेटों की संख्या 355 हो गई और उन्होंने भारत की दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. अब महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में झूलन और दीप्ति संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर हैं. दोनों खिलाड़ियों के नाम 355-355 विकेट दर्ज हैं. इस खास लिस्ट में इंग्लैंड की कैथरीन स्काइवर-ब्रंट, ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी, इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन और साउथ अफ्रीका की शबनम इस्माइल भी शामिल हैं.
दीप्ति का करियर बेहद शानदार
आंकड़ों के लिहाज से भी दीप्ति का करियर बेहद शानदार रहा है. ODI क्रिकेट में वह 124 मैचों में 166 विकेट लेकर भारत की दूसरी सबसे सफल गेंदबाज हैं. T20I क्रिकेट में उनके नाम 146 मैचों में 167 विकेट दर्ज हैं, जो उन्हें भारत ही नहीं बल्कि दुनिया की सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल करता है. इसके अलावा उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भी 22 विकेट हासिल किए हैं. मैच में भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया.
209/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया
स्मृति मंधाना ने 47 गेंदों में 74 रन और शेफाली वर्मा ने 38 गेंदों में 55 रन बनाकर भारत को 20 ओवर में 209/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया, जो वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने नीदरलैंड्स की बल्लेबाजी को पूरी तरह बिखेर दिया. श्री चरणी ने 4 विकेट, शेफाली वर्मा ने 3 विकेट और नंदिनी ने 2 विकेट झटककर डच टीम को 114 रन पर समेट दिया. भारत ने यह मुकाबला बड़े अंतर से जीतकर ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान भी हासिल कर लिया.
महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट
झूलन गोस्वामी – 355
दीप्ति शर्मा – 355
कैथरीन स्काइवर-ब्रंट – 335
एलिस पेरी – 332
सोफी एक्लेस्टोन – 327
शबनम इस्माइल – 318
इसे भी पढ़ें. हाई कोर्ट से ममता को बड़ा झटका, ऋतब्रत बनर्जी ही रहेंगे बंगाल में नेता प्रतिपक्ष, स्पीकर का फैसला बरकरार