Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि 4 प्राइवेट फंडेड एडवांस्ड रिएक्टर, न्यूक्लियर इनोवेशन को तेज करने के मकसद से सरकार के समर्थन वाले कार्यक्रम के तहत जरूरी पड़ाव पर पहुंच गए हैं. दरअसल, व्हाइट हाउस में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और चार न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी कंपनियों के एग्जीक्यूटिव के साथ बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह कामयाबी दशकों की गिरावट के बाद अमेरिकी परमाणु उद्योग के लिए एक नए युग की शुरुआत है.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि “अमेरिका फिर से बन रहा है, फिर से सपने देख रहा है और हम अगली पीढ़ी की न्यूक्लियर पावर में दुनिया को लीड कर रहे हैं और कोई भी इसके आसपास भी नहीं है.” उन्होंने कहा कि सरकार ने अमेरिका के नागरिक परमाणु क्षेत्र को फिर से शुरू करने के लिए पिछले साल हस्ताक्षर किए गए चार एग्जीक्यूटिव ऑर्डर के जरिए तय किए गए लक्ष्य को पार कर लिया है.
एक चमत्कार जैसा…
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि “इस कोशिश के तहत, मैंने ऊर्जा सचिव क्रिस राइट को एडवांस्ड रिएक्टर के लिए एक पायलट प्रोग्राम शुरू करने और 4 जुलाई तक कम से कम तीन कटिंग-एज रिएक्टर को सुरक्षित रूप से शुरू करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि हमने जो किया है वह काफी हद तक एक चमत्कार जैसा है.” ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में चार दशक से ज्यादा समय से प्राइवेट फंडेड एडवांस्ड रिएक्टर चालू नहीं हुए हैं. चार दशकों में अमेरिका में चालू होने वाले पहले नए प्राइवेट फंडेड एडवांस्ड रिएक्टर हैं.
50 साल से भी अधिक समय बाद हासिल हुई उपलब्धि
इसके अलावा उन्होंने उस रेगुलेटरी प्रोसेस की भी आलोचना की, जिसने पहले परमाणु विकास को धीमा कर दिया था. उन्होंने कहा कि “पहले, किसी रिएक्टर डिजाइन को मंजूरी मिलने में अक्सर छह साल या उससे ज्यादा समय लगता था, यदि कभी मंजूरी मिलती भी थी तो.” ऑफिस ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी पॉलिसी के डायरेक्टर माइकल क्रैट्सियोस ने कहा कि एडमिनिस्ट्रेशन ने अपने ओरिजिनल टारगेट को पार कर लिया है. क्रैट्सियोस ने कहा कि “पिछली बार निजी फंड से विकसित कोई नया रिएक्टर डिजाइन 1974 में पहली बार नियंत्रित परमाणु श्रृंखला अभिक्रिया की अवस्था तक पहुंचा था. यह उपलब्धि 50 साल से भी अधिक समय बाद हासिल हुई है और हमने इसे पार करते हुए एक नहीं, बल्कि चार परियोजनाओं के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है.”
वैश्विक नेतृत्व की ओर लौट रहा अमेरिका
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का संकेत है कि अमेरिका पारंपरिक और उन्नत दोनों तरह की परमाणु तकनीक के क्षेत्र में फिर से वैश्विक नेतृत्व की ओर लौट रहा है. उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप का हवाला देते हुए कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अब बहुत हो चुका. अमेरिका परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में फिर से दुनिया का नेतृत्व करेगा.” कार्यक्रम में शामिल कंपनियों के अधिकारियों ने कहा कि ट्रंप प्रशासन के कार्यकारी आदेशों (एग्जीक्यूटिव ऑर्डर्स) ने परमाणु परियोजनाओं के विकास की रफ्तार तेज कर दी है.
एंटारेस न्यूक्लियर के एक प्रतिनिधि ने कहा कि उनकी कंपनी के रिएक्टर भविष्य में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और अंतरिक्ष अभियानों को ऊर्जा उपलब्ध करा सकते हैं. उन्होंने कहा कि “हम ‘गोल्डन डोम’ परियोजना के लिए एक भरोसेमंद ऊर्जा स्रोत बनने की उम्मीद रखते हैं, जिससे अंतरिक्ष में उच्च क्षमता वाली प्रणालियों और भविष्य में समुद्र के भीतर स्वायत्त प्रणालियों को ऊर्जा मिल सके.” उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी की योजना 2028 से पहले अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर अपने रिएक्टर तैनात करने की है.