Air Ambulance Emergency Landing: अगरतला से कोलकाता जा रही एक भारतीय एयर एम्बुलेंस में अचानक हवा में तकनीकी खराबी आ गई. इस वजह से उसकी बांग्लादेश की राजधानी ढाका में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.
बताया गया है कि विमान में सवार 56 वर्षीय महिला मरीज को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. विमान में सवार अन्य सभी 6 लोग सुरक्षित हैं.
यह घटना रविवार को बीचक्राफ्ट किंग एयर C90A विमान के साथ हुई. जब विमान 12000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी तकनीकी खराबी के कारण उसका दरवाजा हवा में ही आंशिक रूप से खुल गया.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी.
विमान में सवार थे सात लोग
विमान दोपहर करीब 1:40 बजे ढाका हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा. इस एयर एम्बुलेंस में दो पायलट, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, मरीज और उनके दो तीमारदार सहित कुल सात लोग सवार थे.
लैंडिंग के तुरंत बाद गंभीर रूप से बीमार मरीज अंजना भौमिक को कुर्मितोला स्पेशलाइज्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम 4:40 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
महिला की मौत तकनीकी खराबी से उपजी स्थिति के कारण हुई या उनकी गंभीर बीमारी की वजह से, इसकी जांच की जा रही है.
लैंडिंग की अनुमति दी बांग्लादेश ने
बांग्लादेशी अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग की पूर्व अनुमति न होने के बावजूद मानवीय आधार पर तुरंत विमान को उतरने की मंजूरी दी और हरसंभव मदद पहुंचाई. घटना के बाद ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने जरूरी राजनयिक औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ बात किया.