फ्लाईदुबई हाईजैक कांड के ये है 4 सुपरहीरो, पीएम नेतन्याहू ने की जांबाजों को सम्मानित करने की सिफारिश

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Dubai Tel Aviv Flight: दुबई से इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बुधवार को जो कुछ हुआ उसकी चर्चा दुनियाभर में हो रही है. हवा में खेले गए इस खूनी खेल में एक या दो नहीं बल्कि पूरे चार लोगों की हिम्मत और जज्बे ने 174 यात्रियों की जान बचाई. वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था. ऐसे में दूसरे यात्री फ्लाइट के इन सभी हीरो की जमकर तारीफ कर रहे हैं. वहीं, बेन गुरियन एयरपोर्ट सुरक्षित पहुंचे यात्रियों ने फ्लाइट के उन सभी हीरो के बारे में बताया, जिनकी कोशिशों की वजह से वे सभी सुरक्षित थे.

  1. पहले हीरो- पायलट स्मित मच्छार
  2. दूसरे हीरो- कॉकपिट में हमलावर को काबू करने वाले यानीव हायुन
  3. तीसरे हीरो- घायल पायलट का इमरजेंसी मेडिकल ट्रीटमेंट करने वाले इजराइली डेंटिस्ट डॉ. शोता मुसायेव
  4. चौथे हीरो- इजरायली यात्री रिजवान

स्मित मच्छार ने हिम्मत दिखाई

भारतीय पायलट स्मित मच्छार को तो अब पूरा देश जान चुका है. ये वही पायलट हैं जिनको को-पायलट ने चाकू मारा तो उनके सिर और हाथ बुरी तरह घायल हो गए थे, लेकिन फिर भी उन्होंने फ्लाइट पर कंट्रोल बनाए रखा. उन्होंने घायल हालत में कॉकपिट का दरवाजा खोलने के लिए अपनी आखिरी बची-खुची ताकत भी लगा दी. उनकी इस बहादुरी के कायल पीएम मोदी, डोनाल्ड ट्रंप और नेतन्याहू भी हैं.

यानीव हायुन ने हमलावर को-पायलट को किया काबू

वहीं यानीव हायुन फ्लाइट सवार वह यात्री हैं, जिन्होंने फ्लाइट के कॉकपिट में घुसकर पायलट मच्छार पर हमला कर रहे को-पायलट को काबू में कर घसीटकर बाहर लेकर आए. जिसकी वजह से मच्छार की जान बच सकी और करीब 17,000 फ़ीट नीचे गिर रहे प्लेन को वक्त रहते संभाल लिया गया. उनकी तारीफ नेतन्याहू ने जमकर की और उनको हीरे बताया और मेडल का हकदार भी.

डॉ. शोता मुसायेव ने किया घायल पायलट का इमरजेंसी ट्रीटमेंट

इसके अलावा, फ्लाइट में मौजूद एक इजरायली डेंटिस्ट डॉ. शोता मुसायेव ने हमले में बुरी तरह घायल हो चुके पायलट का इमरजेंसी मेडिकल ट्रीटमेंट किया. उन्होंने बताया कि उन्होंने जैसे ही चीखने की आवाज सुनी तो 10 सेकेंड के भीतर ही वह दौड़ पड़े. उन्होंने बिना इंतजार किए कॉकपिट में पहुंचकर देखा कि पायलट के सिर से पैर तक खून बह रहा है. पूरी फ्लाइट में वह अकेले डॉक्टर थे.उन्होंने तुरंत उनका खून बहने से रोका और पायलट के ब्लड प्रेशर को नॉर्मल किया. उन्होंने कहा कि कुछ बहादुर लोगों की मदद से बुरे हालात को समय रहते टाल दिया गया.

आसिफ रिजवान ने हमलावर को काबू करने में मदद की

इजरायली यात्री आसिफ रिजवान इस हादसे को टालने में मदद करने वाले चौथे हीरो हैं. उन्होंने बताया कि उनको ये सब बिल्कुल फिल्मों जैसा लगा. उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि रियल लाइफ में ऐसा कुछ हो सकता है. करो या मरो वाली स्थिति थी. रिजवान को भी हल्की चोट लगी है. उन्होंने बताया कि चिल्लाने की आवाज आ रही थी. प्लेन बेकाबू होकर हवा में गोते खाने लगा. जैसे ही कॉकपिट का दरवाजा खुला वह दूसरे इजराइली यात्रियों और, क्रू मेंबर्स के साथ अंदर गए और हमलावर को-पायलट को पकड़कर काबू में लिया. उन्होंने बताया कि उन सभी ने करीब 55 मिनट तक हमलावर को काबू में रखा और सभी 174 यात्री सुरक्षित बच गए.

रिजवान ने ईश्वर के साथ ही उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिनकी मदद से ये हादसा टाला जा सका. उन्होंने कहा कि जिंदगी हर चीज से ज्यादा मूल्यवान है.सभी इसके लिए मिलकर लड़े. उनको अब तक यकीन नहीं हो पा रहा कि  हालात अब कंट्रोल में आ चुके हैं और सब ठीक है.

Latest News

क्या ज्यादा Fat Loss से मिलता है बेहतर हेल्थ? जानिए क्या कहते हैं एक्सपर्ट

fat loss: आज के दौर में फिटनेस और वजन कम करने को लेकर लोगों का फोकस अक्सर शरीर की...

More Articles Like This

Exit mobile version