ऑस्ट्रेलिया में तैरने गई कनाडाई युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जंगली कुत्तों के काटने या डूबने से हुई मौत?

Toronto: ऑस्ट्रेलिया के मशहूर पर्यटन स्थल कगारी द्वीप पर एक 19 वर्षीय कनाडाई युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. युवती का शव कगारी के पूर्वी तट पर समुद्र किनारे मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि समुद्र में डूबने से या फिर जंगली कुत्ते डिंगो के हमले के कारण युवती की मौत हुई है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चलेगी, जो बुधवार तक मिलने की उम्मीद है.

युवती के परिवार से संपर्क करने की कोशिश

पुलिस कनाडा युवती के परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही है. बता दें कि कगारी द्वीप को पहले फ्रेजर आइलैंड कहा जाता था. युवती ने अपने दोस्तों और सहकर्मियों को बताया था कि वह सोमवार सुबह करीब 5 बजे तैरने के लिए बीच जा रही है. इसके लगभग डेढ़ घंटे बाद सुबह 6 बजकर 35 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली कि कगारी बीच पर माहेनो जहाज के पुराने मलबे के पास एक महिला का शव पड़ा है.

तुरंत पुलिस को सूचना देने पहुंचे

बताया गया कि उस समय बीच पर  SUV से गुजर रहे दो युवकों ने शव के आस-पास करीब 10 डिंगो देखे थे. यह दृश्य इतना डरावना था कि वे तुरंत पुलिस को सूचना देने पहुंचे. पुलिस इंस्पेक्टर पॉल अल्जी ने बताया कि युवती के शरीर पर ऐसे घाव पाए गए हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि डिंगो ने शव को नोचा था. हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि अभी यह तय नहीं किया जा सकता कि युवती की मौत डिंगो के हमले से हुई या वह पहले ही समुद्र में डूब चुकी थी और बाद में डिंगो ने शव को नुकसान पहुंचाया.

घटना के बाद से उसकी दोस्त गहरे सदमे में

युवती पिछले करीब छह हफ्तों से कगारी द्वीप पर एक टूरिस्ट हॉस्टल में काम कर रही थी. उसके साथ कनाडा से आई उसकी एक दोस्त भी वहीं काम कर रही है. घटना के बाद से उसकी दोस्त गहरे सदमे में है और उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है. कगारी दुनिया का सबसे बड़ा रेतीला द्वीप है और यह यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज सूची में शामिल है. इस द्वीप पर करीब 200 डिंगो खुले में घूमते हैं. ये डिंगो एक संरक्षित स्थानीय प्रजाति हैं लेकिन हाल के वर्षों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के कारण इनके व्यवहार में आक्रामकता देखी गई है.

खाना न दें और बनाए रखें सुरक्षित दूरी

स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे डिंगो के पास न जाएं, उन्हें खाना न दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें. यह पहली बार नहीं है जब कगारी द्वीप पर डिंगो के हमले की खबर सामने आई हो. करीब तीन साल पहले इसी द्वीप पर जॉगिंग कर रही 23 वर्षीय युवती पर डिंगो के झुंड ने हमला कर दिया था. डिंगो उसे समुद्र की ओर खींच ले गए थे. लेकिन, एक पर्यटक की सूझबूझ से उसकी जान बच गई थी. फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर कगारी द्वीप पर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

इसे भी पढ़ें. नितिन नबीन ने झंडेवालान मंदिर में की पूजा, संभालेंगे BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार

 

Latest News

‘बाप’ वाले बयान पर खरगे से माफी की मांग, दिल्ली-पटना से लेकर बेंगलुरु में BJP का प्रदर्शन

Mallikarjun Kharge Remark: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में बीजेपी...

More Articles Like This

Exit mobile version