Guyana: दक्षिण अमेरिकी देश गुयाना में एक बड़ा हादसा हुआ है.116 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही एक फेरी समुद्र में पलटकर डूब गई. हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान तेजी से चलाया गया, जिसमें अब तक 53 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. वहीं कई अन्य लोगों की तलाश अभी भी जारी है. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक एमवी बरिमा (MV Barima) नाम की फेरी राजधानी जॉर्जटाउन से पोर्ट कैतूमा जा रही थी.
अचानक फेरी का बैलेंस बिगड़ गया
रास्ते में आयरन पंट के पास देर रात अचानक फेरी का बैलेंस बिगड़ गया और वो पलट गई. हादसे के तुरंत बाद डिस्ट्रेस कॉल भेजा गया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया. गुयाना के लोक निर्माण मंत्री जुआन एडघिल ने बताया कि जैसे ही हादसे की सूचना मिली, सरकारी एजेंसियों के साथ-साथ निजी नावों को भी बचाव कार्य में लगा दिया गया. कोस्ट गार्ड और आसपास मौजूद निजी नौकाओं ने कई यात्रियों को समुद्र से सुरक्षित बाहर निकाला.
मेडिकल टीमों को भी मौके पर भेजा
मंत्री ने बताया कि फेरी दोपहर करीब 3 बजकर 15 मिनट पर जॉर्जटाउन से रवाना हुई थी. हादसे के बाद मेडिकल टीमों को भी मौके पर भेजा गया, ताकि बचाए गए लोगों को तुरंत इलाज मिल सके. फिलहाल प्रशासन लगातार राहत अभियान चला रहा है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि लापता लोगों की संख्या कितनी है और कितने लोगों को अभी बचाया जाना बाकी है. जानकारी के मुताबिक एमवी बरिमा काफी पुराना जहाज था.
हादसा कैसे हुआ, जांच शुरू
इसे वर्ष 1939 में बनाया गया था और इसकी लंबाई लगभग 40 मीटर है. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से फेरी में 250 लाइफ जैकेट, दो लाइफबोट और 6 फुलाने वाली लाइफ राफ्ट मौजूद थीं. इसके बावजूद यह हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच शुरू कर दी गई है. गुयाना के प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स खुद इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और राहत कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं.
तेजी से बचाव अभियान चलाने के निर्देश
सरकार ने संबंधित एजेंसियों को तेजी से बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. जिस पोर्ट कैतूमा के लिए फेरी जा रही थी, वह गुयाना के एस्सेक्विबो क्षेत्र में स्थित है. यह इलाका लंबे समय से गुयाना और पड़ोसी देश वेनेजुएला के बीच क्षेत्रीय विवाद का केंद्र रहा है.
इसे भी पढ़ें. समुद्री व्यापार की रफ्तार के साथ चीन में बढ़ा प्रदूषण का खतरा, तेल रिसाव की घटनाओं से बढ़ी चिंता

