Islamabad: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के करीबी राणा सनाउल्लाह ने एक बडा खुलासा किया है. सनाउल्लाह ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल में दो बार समझौता करने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया. बता दें कि इमरान खान 2023 से पाकिस्तान जेल में बंद है. उधर, PAK सरकार ने इस दावे को खारिज कर दिया है.
बाद में पीछे हट गए इमरान खान
सनाउल्लाह ने एक टॉक शो में बताया कि पहली कोशिश गृहमंत्री मोहसिन नकवी और खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने नवंबर 2024 से पहले की थी, जबकि दूसरी कोशिश हाल ही में विदेश से आए कुछ लोगों ने की थी. इमरान खान ने शुरुआत में प्रस्ताव पर सहमति जताई थी लेकिन बाद में वे पीछे हट गए.
इमरान खान को छूट देने की बात झूठी
सनाउल्लाह के खुलासे पर फेडरल इन्फॉर्मेशन मिनिस्टर अताउल्लाह तरार ने गुरुवार को अपने X अकाउंट पर एक पोस्ट में साफ करते हुए कहा कि इमरान खान के साथ न तो कोई डील हुई है और न ही कोई नरमी दी जा रही है. सरकार द्वारा इमरान खान को छूट देने की कोई भी बात पूरी तरह से झूठी है. इमरान खान एक सजायाफ्ता अपराधी हैं.
इमरान खान एक दोषी व्यक्ति
पाकिस्तानी सरकार ने इस दावे को खारिज कर दिया है. कहा कि इमरान खान को कोई डील या रियायत नहीं दी जा रही है. सरकार का कहना है कि इमरान खान एक दोषी व्यक्ति हैं और उन्हें कोई छूट नहीं दी जाएगी. इस बीच इमरान खान के परिवार और पार्टी ने उनके पर्सनल डॉक्टरों की मौजूदगी में इस्लामाबाद के शिफा हॉस्पिटल में उनकी आंखों का इलाज कराने की मांग की है.
अकल्पनीय दुर्व्यवहार सह रहे हैं इमरान
खान के वकील सलमान सफदर ने पिछले हफ्ते सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि 73 साल के पूर्व प्रधानमंत्री ने जेल में अपनी दाहिनी आंख की 85 परसेंट रोशनी खो दी थी. बाद में खान की बहन नोरीन खान ने कहा कि इमरान खान फील्ड मार्शल जनरल असीम मुनीर के निर्देशों के तहत जेल में अकल्पनीय दुर्व्यवहार सह रहे हैं, क्योंकि देश अवैध और गैर-इस्लामिक शासन के अधीन है. क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान अगस्त 2023 से कई मामलों में जेल में हैं.
इसे भी पढ़ें. PM Modi AI Meeting: एआई और डीपटेक स्टार्टअप्स के सीईओ के साथ पीएम मोदी ने की बैठक, भारत केंद्रित समाधान विकसित करने पर हुई…