New Delhi: गॉल में भारत के साथ खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंकाई टीम को बड़ा झटका लगा है. दिग्गज बल्लेबाज दिनेश चांदीमल चोट लगने के बाद मुकाबले से ही बाहर हो गए हैं. उनकी जगह 26 वर्षीय पसिंदु सूरियाबंदारा को कन्कशन रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया. हालांकि, वह रन चेज के दौरान कुछ खास नहीं कर पाए और पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए. श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. पसिंदु सूरियाबंदारा पहली बार श्रीलंका की जर्सी में खेलते उतरे थे.
सिर के बल मैदान पर जोर से गिरे
चांदीमल को चोट चौथे दिन के खेल की शुरुआत में लगी. दिन के चौथे ओवर के खत्म होने के आसपास वह गेंद को बाउंड्री तक पहुंचने से रोकने के लिए तेजी से दौड़े और डाइव लगाई. हालांकि, इस दौरान उनकी लैंडिंग सही नहीं रही और वह कंधे और सिर के बल मैदान पर जोर से गिरे. चोट लगने के बाद चांदीमल काफी असहज नजर आए. वह कुछ देर मैदान पर ही लेटे रहे और गर्दन के आसपास के हिस्से को पकड़ते हुए दिखाई दिए. इसके बाद श्रीलंकाई मेडिकल टीम तुरंत मैदान पर पहुंची और उनकी जांच की.
चांदीमल को एहतियातन भेजा अस्पताल
श्रीलंका क्रिकेट ने बताया कि मैदान पर टीम के डॉक्टर और फिजियोथेरेपिस्ट ने शुरुआती जांच के बाद चांदीमल को एहतियातन अस्पताल भेजा, जहां उनका स्कैन कराया गया. राहत की बात यह रही कि स्कैन में किसी तरह की अंदरूनी चोट के संकेत नहीं मिले. हालांकि, इसके बाद डॉक्टर और टीम फिजियो ने चांदीमल का कन्कशन असेसमेंट किया. इस जांच के बाद उन्हें आगे मैच में खेलने के लिए फिट नहीं माना गया और कन्कशन के कारण मुकाबले से बाहर कर दिया गया.
रिप्लेसमेंट को दी आधिकारिक मंजूरी
चांदीमल के बाहर होने के बाद पसिंदु सूरियाबंदारा को उनका कन्कशन रिप्लेसमेंट बनाया गया. मैच रेफरी ने श्रीलंका के इस रिप्लेसमेंट को इसकी आधिकारिक मंजूरी दी. चांदीमल की जगह टीम में शामिल किए गए 26 साल के सूरियबंदारा के पास बड़ी पारी खेलकर खुद को साबित करना का बड़ा मौका था, लेकिन वो फेल रहे. टेस्ट करियर की अपनी पहली ही गेंद पर वह मानव सुथार का शिकार हो गए.
श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य
भारतीय टीम ने श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य रखा है. चौथे दिन ऋषभ पंत के अर्धशतक के बावजूद टीम इंडिया दूसरी पारी में 193 रन पर सिमट गई. इससे पहले भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे. वहीं, श्रीलंका को पहली पारी में 284 रन पर समेटकर 178 रन की अहम बढ़त हासिल की थी. चौथी पारी में 372 रन का लक्ष्य आसान नहीं है. टेस्ट क्रिकेट में चौथे दिन एक सेशन और पांचवां दिन पूरा बचा है. पिच स्पिनरों की मददगार है.
इसे भी पढ़ें. स्पेन में गैंगवार: ड्रग गैंग लीडर की गर्भवती बहन और सास सहित तीन की गोली मारकर हत्या

