New Delhi: एशियन गेम्स 2026 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है. अब 3 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला होगा. निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया. मुश्किल पिच पर भारतीय बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं था.
ईशान किशन ने मोर्चा संभाले रखा
एक के बाद एक विकेट गिरते रहे, लेकिन ईशान किशन ने मोर्चा संभाले रखा. ईशान ने 46 गेंदों में नाबाद 80 रन की तूफानी पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए. उनकी बल्लेबाजी ने भारत को 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन तक पहुंचा दिया. ईशान का साथ वैभव सूर्यवंशी ने दिया. उन्होंने 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 38 रन बनाए. बाकी बल्लेबाजों का बल्ला ज्यादा नहीं चला.
वाशिंगटन सुंदर 7 रन पर नाबाद
अभिषेक शर्मा 7, संजू सैमसन 7, तिलक वर्मा 2, अक्षर पटेल 8, शिवम दुबे 3 और कप्तान श्रेयस अय्यर 13 रन बनाकर आउट हुए. वाशिंगटन सुंदर 7 रन पर नाबाद रहे. ईशान की पारी कितनी अहम थी, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके बिना भारत के लिए 100 रन तक पहुंचना भी मुश्किल नजर आ रहा था. मुश्किल पिच पर उन्होंने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को लड़ने लायक स्कोर दिया.
श्रीलंका की हालत शुरुआत से ही खराब
169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की हालत शुरुआत से ही खराब हो गई. टीम ने बिना खाता खोले ही दो विकेट गंवा दिए. सिर्फ 2 रन पर तीसरा विकेट भी गिर गया. इसके बाद 18 रन के स्कोर पर श्रीलंका ने चौथा और पांचवां विकेट गंवा दिया. यानी महज 18 रन पर उसकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी. इसके बाद 31 रन पर छठा और 33 रन पर सातवां विकेट गिरा. आखिर में श्रीलंका की पूरी टीम 9.5 ओवर में सिर्फ 45 रन पर ऑलआउट हो गई.
वाशिंगटन सुंदर को एक सफलता मिली
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि वाशिंगटन सुंदर को एक सफलता मिली. भारत ने 124 रन की बड़ी जीत के साथ फाइनल में धमाकेदार एंट्री की है. पाकिस्तान पहले ही फाइनल में पहुंच चुका है. अब 3 अक्टूबर को दोनों टीमों के बीच गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला होगा. मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा.
इसे भी पढ़ें. CM योगी ने पुलिसकर्मियों का किया सम्मान, बोले- प्रदेश में कानून व्यवस्था का चेहरा बदला है

