India-Afghanistan Relation: भारत और अफगानिस्तान के बीच लगातार रिश्ते मजबूत हो रहे है. ऐसे में अफगानिस्तान के लोगों के प्रति अपनी मानवीय मदद जारी रखते हुए भारत ने गुरुवार को काबुल के एक सरकारी अस्पताल में दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की खेप सौंपी. भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसके बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह कदम दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे स्वास्थ्य सहयोग को और मजबूत बनाता है. साथ ही यह सहायता ऐसे समय में दी गई है जब भारत बीते कई महीनों से अफगानिस्तान को लगातार जरूरी सामान भेज रहा है. इनमें दवाइयां, राहत सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने हाल ही बताया कि पिछले एक साल के दौरान अफगानिस्तान के साथ भारत का संपर्क बढ़ा है. जिसमें कूटनीतिक चर्चाओं के साथ-साथ मानवीय सहायता और विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भारत और अफगान जनता के पुराने और गहरे रिश्ते हैं, जो पिछले वर्ष और भी मजबूत हुआ है और आगे भी सहयोग बातचीत, मानवीय मदद और विकास कार्यक्रमों पर आधारित रहेगा.
हर मुश्किल समय में साथ खड़ा भारत
इसके अलावा, पिछले महीने नूरिस्तान प्रांत में आई भीषण बाढ़ के बाद भारत ने अफगानिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को खाद्य सामग्री और परिवारों के लिए टेंट जैसी राहत वस्तुएं भेजी थीं. विदेश मंत्रालय ने उस समय भी स्पष्ट किया था कि इस मुश्किल समय में भारत अफगान लोगों के साथ खड़ा है. वहीं, इससे पहले जून में काबुल को पांच टन जरूरी दवाइयां भेजी गई थीं, जबकि मई में बच्चों के टीकाकरण कार्यक्रम के लिए बीसीजी और टेटनस-डिप्थीरिया वैक्सीन से जुड़ी 20 टन सामग्री भेजी गई थी. ये सभी कदम अफगान नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं.