Asian Games 2026: भारत ने जीता ऐतिहासिक गोल्ड, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी बने सबसे युवा स्वर्ण पदक विजेता

Must Read

New Delhi: एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रनों से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया. जापान के निशिन में खेले गए इस हाई-वोल्टेज खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 192 रन ही बना सकी.

कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज

इस जीत के साथ ही भारतीय दल ने कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किए. फाइनल मुकाबले में जीत के साथ ही युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया. सूर्यवंशी ने मात्र 15 साल, 6 महीने और 7 दिन की उम्र में एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल हासिल किया. वे एशियाई खेलों के इतिहास में भारत की ओर से किसी भी खेल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय एथलीट बन गए हैं.

किसी भी पारी का पहला 200+ स्कोर

भारत का 211/6 का स्कोर भारत-पाकिस्तान T20 मुकाबलों के इतिहास में किसी भी पारी का पहला 200+ स्कोर है. इससे पहले सबसे बड़ा स्कोर भारत ने 2012 में अहमदाबाद में (192/5) बनाया था. अर्धशतक जड़ने के दौरान अभिषेक ने टी-20 क्रिकेट (इंटरनेशनल, डोमेस्टिक और लीग मिलाकर) में अपने 400 छक्के पूरे किए. उन्होंने यह मुकाम महज 3,513 गेंदों में हासिल कर वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (3,557 गेंद) को पीछे छोड़ दिया. अब वे आंद्रे रसेल (3,027 गेंद) के बाद दुनिया में दूसरे सबसे तेज 400 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं.

मेंटर युवराज सिंह की बराबरी

अभिषेक ने अपनी पारी में छक्कों की बौछार कर पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में सर्वाधिक छक्कों के मामले में अपने मेंटर युवराज सिंह की बराबरी कर ली. युवराज ने 2012 के अहमदाबाद टी-20 में 7 छक्के लगाए थे. अभिषेक शर्मा ने कैलेंडर वर्ष 2026 में अब तक 104 छक्के लगा लिए हैं. खास बात यह है कि एक साल में सर्वाधिक छक्कों का भारतीय रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है, जब उन्होंने 2025 में 108 छक्के ठोके थे.

दुनिया के 7वें और भारत के केवल दूसरे बल्लेबाज

ईशान किशन ने 2026 में 1,005 T20I रन पूरे कर लिए. वे एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 रन बनाने वाले दुनिया के 7वें और भारत के केवल दूसरे बल्लेबाज (सूर्यकुमार यादव 2022 में 1,164 रन के बाद) बने. पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज हसन नवाज ने 96 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जो T20 क्रिकेट में भारत के खिलाफ किसी भी पाकिस्तानी बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है, हालांकि वे अपनी टीम को जीत की दहलीज पार नहीं करा सके.

इसे भी पढ़ें. पूर्वांचल एक्सप्रेस-वेः शहीद सूबेदार मेजर का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, शहीद के पुत्र सहित चार की मौत

Latest News

केमिस्ट्री के नोबेल पुरस्कार का ऐलान, 95 साल के बुजुर्ग को ‘शानदार’ खोज के लिए मिला यह सम्मान

Nobel Prize in Chemistry: इस साल केमिस्ट्री यानि रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार फ्रांस में जन्मे 95 वर्षीय...

More Articles Like This