New Delhi: लंबे इंतजार और दो बार टलने के बाद नए साल में भारतीय टीम बांग्लादेश का दौरा कर सकती है. जनवरी 2027 में दोनों टीम के बीच छह मैचों की ‘व्हाइट-बॉल’ (वनडे और टी20) सीरीज खेली जा सकती है. हालांकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन इंडिया टुडे में छपी रिपोर्ट के अनुसार दोनों बोर्ड के बीच बातचीत आखिरी दौर पर है. भारतीय टीम बांग्लादेश दौरे पर तीन वनडे और इतने ही मैच की टी-20 सीरीज खेल सकती है.
वनडे सीरीज के लिए भारत आ रही है जिम्बाब्वे की टीम
मगर इसे संभव कैसे किया जाएगा, यही सबसे बड़ा सवाल है क्योंकि तीन से नौ जनवरी के बीच जिम्बाब्वे की टीम तीन मैच की वनडे सीरीज के लिए भारत आ रही है और इसके बाद 21 जनवरी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी शुरू होनी है. बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के बाद लेफ्ट आर्म पेसर मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर किया गया था. इसी के बाद दोनों देश के क्रिकेट संबंध खराब हुए. नौबत यहां तक पहुंच गई कि बांग्लादेश ने भारत में हुए टी-20 विश्व कप का ही बायकॉट कर दिया था.
फाइनल करने से पहले सरकार से जरूरी मंजूरी
अब बांग्लादेश में नई सरकार के आने और पूर्व कप्तान तमीम इकबाल के बीसीसी प्रेसिडेंट बनने के बाद से क्रिकेट संबंध भी सुधर रहे हैं. माना जा रहा है कि BCCI इस प्रस्तावित दौरे को फाइनल करने से पहले सरकार से जरूरी मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहा है. तमीम इकबाल से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम थे. बांग्लादेश दौरे के लिए जगह बनाने के मकसद से जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली तीन मैच की वनडे सीरीज का शेड्यूल बदला जा सकता है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है.
पहले टेस्ट सीरीज की तैयारी शुरू
नए शेड्यूल में ऑस्ट्रेलिया सीरीज की तैयारियों को भी ध्यान में रखना होगा, क्योंकि टीम को 21 जनवरी से शुरू होने वाले मैचों से पहले टेस्ट सीरीज की तैयारी शुरू करनी है. दिसंबर 2022 में भारतीय टीम आखिरी बार बांग्लादेश गई थी, तब उस दौरे पर तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेले गए थे. अगर टीम इंडिया जनवरी 2027 में बांग्लादेश जाती है तो चार साल से भी ज्यादा समय के बाद भारत फिर से द्विपक्षीय क्रिकेट खेलने बांग्लादेश जाएगा.
इसे भी पढ़ें. Kaleshwar Mudra: मन को शांत करने और बुरी आदतों पर काबू पाने में मददगार है कालेश्वर मुद्रा, जानें अभ्यास का सही तरीका

