Washington: ईरान से चल रहे तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू में दूरी होने की बात सामने आई थी. लेकिन, अब ट्रंप ने खुद इस मामले में एक बयान देकर सारी आशांकाओं को समाप्त कर दिया है. ट्रंप ने सोमवार को कहा कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ उनके रिश्ते अभी भी बहुत अच्छे हैं. यह बयान ऐसे समय आया है जब गाजा को लेकर अमेरिका के समर्थन वाले प्रस्ताव पर ट्रंप और नेतन्याहू के बीच मतभेद सामने आए हैं.
प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार
नेतन्याहू ने अमेरिका के प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार किया है, लेकिन ट्रंप ने इन मतभेदों को दोनों नेताओं के रिश्तों में बड़ी दरार के तौर पर पेश करने से इनकार किया. उन्होंने साफ संकेत दिया कि गाजा मुद्दे पर अलग राय होने के बावजूद अमेरिका और इजरायल के बीच संबंध मजबूत बने हुए हैं. ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. इसी बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने देश के सैन्य नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया है.
6 सीनियर अफसरों की नियुक्ति
उन्होंने सेना और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े शीर्ष पदों पर 6 सीनियर अफसरों की नियुक्ति की है.यह फेरबदल ऐसे समय हुआ है जब ईरान ने अपना नया राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख भी नियुक्त किया है. नए सुरक्षा प्रमुख रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के अनुभवी कमांडर रह चुके हैं और पहले अमेरिका के साथ बातचीत को लेकर संदेह जता चुके हैं. ऐसे में इन नियुक्तियों को ईरान की सुरक्षा और युद्ध रणनीति को मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
तनाव का सबसे बड़ा केंद्र स्ट्रेट ऑफ होर्मुज
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव का सबसे बड़ा केंद्र स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जलडमरूमध्य बना हुआ है. दुनिया के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है, क्योंकि यहां से बड़ी मात्रा में तेल और गैस की आवाजाही होती है. ईरान ने कहा है कि ओमान के साथ होर्मुज को संचालित करने को लेकर किसी संभावित समझौते से अकेले इस समुद्री मार्ग को दोबारा खोलना संभव नहीं होगा. ईरान ने इसके लिए अमेरिका के सामने कई शर्तें रखी हैं. जब तक अमेरिका इन शर्तों को स्वीकार नहीं करता, तब तक होर्मुज को खोलने का रास्ता साफ नहीं होगा.
इसे भी पढ़ें. Jharkhand Bandh: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद, रांची में सड़क पर उतरे BJP कार्यकर्ता

