Japan F 2A Fighter Jets India: भारत और जापान के बीच सैन्य संबंध इस समय नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं. ऐसे में अब पहली बार जापान के फाइटर जेट भारत की धरती पर कदम रखने जा रहे हैं. दरअसल, जापानी एयर सेल्फ डिफेंस फोर्स के F-2A फाइटर जेट अगले महीने भारत आ रहे हैं. ये जापानी विमान भारतीय वायुसेना के साथ वीर गार्डियन 26 सैन्य अभ्यास में भी हिस्सा लेंगे, जो भारत और जापान के बीच एक द्विपक्षीय हवाई अभ्यास है.
जापानी मीडिया के मुताबिक, जापान के तीन F-2A फाइटर जेट ओकिनावा के रास्ते थाइलैंड होते हुए भारत आएगें, इस दौरान अमेरिकी वायुसेना के तेल टैंकर हवा में ही इन विमानों में तेल भरेंगे. इससे ये विमान आसानी से इतनी लंबी दूरी तय कर पाएंगे.
हवा में जंग लड़ेंगे दोनो देशों की वायुसेनाएं
बता दें कि वीर गार्डियन अभ्यास 9 सितंबर से 21 सितंबर के बीच राजस्थान के जोधपुर में होगा. इस अभ्यास के लिए 1 सितंबर को ही फूकूओका प्रांत के एयरबेस से जापानी विमान रवाना हो जाएंगे. इनके साथ ही जापानी वायुसेना के 110 जवान भी भारत पहुंच रहे हैं. इस दौरान दोनों देशों की वायुसेनाएं हवा में जंग लड़ने का अभ्यास करेंगी. साल 2023 में वीर गार्डियन अभ्यास शुरू हुआ था, जिसमें भारत ने अपने 4 सुखोई-30, 2 सी-17 ग्लोब मास्टर ट्रांसपोर्ट प्लेन और एक आईएल-78 तेल टैंकर ने हिस्सा लिया था.
जापान से राजस्थान की दूरी 5600 किमी
बता दें कि 2023 में वीर गार्डियन अभ्यास में जापान ने चार F-2 और चार F-15 फाइटर जेट को तैनात किया था. अब जापान अपने 3 फाइटर जेट को भारत भेज रहा है. हालांकि जापान ने यह नहीं बताया है कि थाइलैंड के किस बेस पर ये विमान उतरेंगे. दरअसल, जोधपुर से जापान के एयरबेस की दूरी 5600 किलोमीटर है. ऐसे में जापानी वायुसेना के चीफ ऑफ स्टॉफ जनरल मोरिता ताकेहीरो ने इतने दूर तैनाती के महत्व पर जोर दिया है.
उन्होंने कहा कि इस दौरान न सिर्फ उड़ान अहम होती है, बल्कि विमानों की मरम्मत करनी होती है और पूरा एक सिस्टम बनाना होती है. इसके अलावा मौसम का भी जापानी वायुसेना को पूरा ध्यान रखना होगा।
जापान और भारत का साझा दुश्मन है चीन
दरअसल, चीन के हमले के खतरे का सामना कर रहा जापान इन लड़ाकू विमानों को भेजकर अपने दोस्त देशों के साथ रिश्ते मजबूत कर रहा है. वहीं, चीन की सेना पूर्वी चीन सागर से लेकर हिमालय तक में अपने आपको मजबूत कर रही है. इसके अलावा, चीन ने 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट जे-20 को भारतीय सीमा पर भी तैनात कर दिया है.

