New Delhi: पाकिस्तान ने जहां अपना परमाणु हथियार छुपा रखा है, उस किराना हिल्स को लेकर नई खबरें सामने आ रही हैं. पाकिस्तान ने यहां पर अल्ट्रा मॉडर्न तकनीक से लैस नया रडार सिस्टम लगाया है, ताकि किसी भी तरह के इनकमिंग थ्रेट को समय रहते काउंटर किया जा सके. दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल ने जो ट्रेलर दिखाया था, उसकी दहशत अभी तक पाकिस्तानी आर्मी चीफ आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ के सीने में कैद है.
भारत ने दिखाया था इसका ट्रेलर
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने इसका ट्रेलर दिखाया था, जब किराना हिल्स के पास अटैक कर पाकिस्तान को बता दिया गया था कि उसका परमाणु ठिकाना भारत की पहुंच में है. ब्रह्मोस की इस मार की दहशत अभी तक आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ के सीने में कैद है. पाकिस्तान उसी किराना हिल्स को बचाने में जुटा है. पाकिस्तानी एयरफोर्स ने अपनी हवाई निगरानी और प्रारंभिक चेतावनी क्षमताओं को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है.
किराना हिल्स में सर्विलांस रडार एक्टिव
हालिया सैटेलाइट तस्वीरों और ओपन सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT) विश्लेषण से पुष्टि हुई है कि पाकिस्तान ने पंजाब प्रांत के सरगोधा के निकट स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण किराना हिल्स क्षेत्र में अमेरिकी मूल के AN/TPS-77 लंबी दूरी के 3D एयर सर्विलांस रडार को एक्टिव कर दिया है. यह तैनाती पाकिस्तान की वायु रक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी, विशेष रूप से कम ऊंचाई पर उड़ने वाली क्रूज मिसाइलों, ड्रोन और अन्य हवाई खतरों की समय रहते पहचान करने में.
व्यापक क्षेत्र में निगरानी की क्षमता
किराना हिल्स का ऊंचा भूभाग रडार को व्यापक क्षेत्र में निगरानी की क्षमता देता है, जिससे सरगोधा स्थित पीएएफ के महत्वपूर्ण एयरबेस और सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बेहतर हो सकेगी. किराना हिल्स लंबे समय से पाकिस्तान के रक्षा और परमाणु बुनियादी ढांचे से जुड़ा संवेदनशील क्षेत्र माना जाता रहा है. ऐसे में यहां अत्याधुनिक रडार की तैनाती को पाकिस्तान की बहु-स्तरीय वायु रक्षा रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है. यह स्थान सरगोधा के निकट स्थित मुशाफ एयरबेस सहित कई हाई-वैल्यू एसेट्स की निगरानी और सुरक्षा के लिए आदर्श माना जाता है.
इसे भी पढ़ें. UP: ओमप्रकाश राजभर का बड़ा बयान, कहा- अखिलेश यादव की वजह से बाधित हुई पंचायत चुनाव की प्रक्रिया

