Balen Government: बालेन सरकार ने कड़ा एक्शन लिया है. नेपाल ने भारतीय बिस्किट ब्रांड प्रियागोल्ड के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके आयात, बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी है. यह ब्रांड सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड का है. नेपाल के खाद्य प्रौद्योगिकी एवं गुणवत्ता नियंत्रण विभाग (FTQCD) ने 19 अक्टूबर को इस संबंध में नोटिस जारी किया.
विभाग के अनुसार, प्रियागोल्ड बिस्किट निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया. इसी आधार पर नेपाल के बाजार में इसकी आपूर्ति रोकने और पहले से मौजूद स्टॉक को हटाने के निर्देश दिए गए हैं.
नेपाल के खाद्य विभाग ने अधिकृत आयातकों और खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया है कि यदि उनके पास प्रियागोल्ड बिस्किट का स्टॉक मौजूद है, तो उसे तत्काल वापस मंगाया जाए और बाजार से हटाया जाए.
इसके अलावा, बिस्किट की बिक्री और वितरण रोकने को भी कहा गया है. इस आदेश के चलते फिलहाल नेपाल में दुकानदार इस ब्रांड के बिस्किट नहीं बेच सकेंगे. इस मामले में नेपाल के विभाग ने भारत के खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से की गई कार्रवाई को आधार बनाया है.
खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियामकीय कदमों के बाद नेपाल ने अपने बाजार में इस उत्पाद की उपलब्धता पर रोक लगाने का फैसला किया. नेपाल में आयात, बिक्री और वितरण पर रोक लगने से प्रियागोल्ड के कारोबार पर असर पड़ सकता है. व्यापारियों को मौजूदा स्टॉक हटाना होगा और नए उत्पाद की आपूर्ति भी रोकनी पड़ेगी.