Narendra modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन यात्रा के दौरान स्वीडन की प्रतिष्ठित ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’ कमांडर ग्रैंड क्रॉस सम्मान से सम्मानित किया गया. यह स्वीडन के सर्वोच्च सम्मानों में से एक है, जो विदेशी नागरिकों और वैश्विक स्तर पर विशिष्ट योगदान देने वाले नेताओं को दिया जाता है. बता दें कि ‘कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ इस सम्मान की सर्वोच्च श्रेणी मानी जाती है और इसे सरकार प्रमुखों तथा वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में योगदान के लिए प्रदान किया जाता है.
बता दें कि इस सम्मान के साथ प्रधानमंत्री मोदी को अब तक विभिन्न देशों की सरकारों और संस्थानों की ओर से कुल 31 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं. इसे भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और पीएम मोदी की विस्तारित कूटनीतिक पहुंच का प्रतीक माना जा रहा है.
इन मुद्दों पर हुई चर्चा
स्वीडन यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ़ क्रिस्टर्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी, हरित परिवर्तन, नवाचार और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा हुई. ऐसे मे विशेषज्ञों का मानना है कि यह सम्मान भारत और स्वीडन के बीच गहराते संबंधों का प्रतीक है और दोनों देशों के बीच आर्थिक, तकनीकी तथा कूटनीतिक क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग को दर्शाता है.
बता दें कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वीडन पहुंचे हैं, गुटेनबर्ग हवाई अड्डे पर उनके पहुंचते ही वहां के पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन ने उनका जोरदार स्वागत किया. यहां पीएम मोदी ने व्यापार, निवेश, नवाचार और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत-स्वीडन संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “स्वीडन के गुटेनबर्ग पहुंच गया हूं. मैं प्रधानमंत्री क्रिस्टर्सन से मिलूंगा, जिसका मकसद व्यापार, निवेश, नवाचार, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में भारत-स्वीडन की दोस्ती को आगे बढ़ाना है. उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष, उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ, मैं ‘यूरोपीय व्यापार गोलमेज सम्मेलन’ में यूरोपीय व्यापार जगत के नेताओं से मिलूंगा. इससे भारत और यूरोप के बीच निवेश के संबंध भी मजबूत होंगे.”

