मिडिल ईस्ट तनाव के बीच ऑस्कर समारोह में कड़ी सुरक्षा, ड्रोन हमले की आशंका के बाद बढ़ी चौकसी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Oscar Awards 2026 Security: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका में आयोजित होने जा रहे प्रतिष्ठित ऑस्कर समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार संभावित खतरे की चेतावनी मिलने के बाद आयोजकों और सुरक्षा एजेंसियों ने अतिरिक्त एहतियाती कदम उठाए हैं.

अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन पत्रिका वैराइटी की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के एक कथित मेमो में लॉस एंजिलिस प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि ईरान की ओर से ड्रोन के जरिए कैलिफोर्निया में किसी लक्ष्य पर अचानक हमला किए जाने की आशंका हो सकती है. हालांकि संभावित लक्ष्यों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है.

98वां एकेडमी अवॉर्ड्स समारोह आज

इस बीच 98वां एकेडमी अवॉर्ड्स समारोह रविवार रात लॉस एंजिलिस के डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया जा रहा है. संभावित खतरे को देखते हुए आयोजकों ने समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है.

कैलिफोर्निया सरकार भी अलर्ट

कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसोम ने पिछले सप्ताह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा था कि वे सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं. उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी तात्कालिक खतरे की जानकारी नहीं है, लेकिन सभी एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं.

पुलिस और एजेंसियों के साथ समन्वय

ऑस्कर समारोह के कार्यकारी निर्माता राज कपूर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कार्यक्रम के दौरान अकादमी सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर काम करती है और स्थानीय पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए रखती है. इस सुरक्षा व्यवस्था में लॉस एंजिलिस पुलिस डिपार्टमेंट (LAPD) भी शामिल है.

मिडिल ईस्ट से जुड़े फिल्मकारों की मौजूदगी

इस वर्ष ऑस्कर समारोह में मध्य-पूर्व से जुड़े कई फिल्मकारों की मौजूदगी भी चर्चा में है. इजरायली डॉक्यूमेंट्री फिल्मकार हिला मेडालिया को उनकी फिल्म Children No More: War and Are Gone के लिए सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट श्रेणी में नामांकन मिला है. वहीं मेयेर लेविंसन-ब्लाउंट को उनकी फिल्म Butcher’s Stain के लिए सर्वश्रेष्ठ लाइव-एक्शन शॉर्ट फिल्म श्रेणी में नामांकित किया गया है. इसके अलावा फिलिस्तीनी डॉक्यूड्रामा The Voice of Hind Rajab को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म की श्रेणी में नामांकन मिला है.

सुरक्षा पर विशेष ध्यान

विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक राजनीतिक तनाव के बीच इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए सुरक्षा एजेंसियों का सतर्क रहना सामान्य प्रक्रिया है. अधिकारियों के अनुसार समारोह तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगा, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

यह भी पढ़े: इजरायली सैन्य अभियान के बाद से लेबनान में हिंसा का भारी असर, अब तक 826 लोगों की मौत, हजारों घायल

More Articles Like This

Exit mobile version