New Delhi: वेस्टइंडीज के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को दोहरा झटका लगा है. दो पाक गेंदबाजों के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जुर्माना लगाया है. पाकिस्तान को वेस्टइंडीज के खिलाफ त्रिनिदाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा. टीम एक समय मैच में ड्राइविंग सीट पर थी लेकिन अंत में उनकी बल्लेबाज फेल हुई और मुकाबले में शिकस्त मिली. इसके बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों की मुश्किलें बढ़ गई.
अब्बास और शहजाद के खिलाफ कार्रवाई
आईसीसी ने मोहम्मद अब्बास और खुर्रम शहजाद के खिलाफ कार्रवाई की है. अब्बास ने टेस्ट मैच में शानदार गेंदबाजी की थी. उन्होंने पहली पारी में 3 और दूसरी पारी में 5 विकेट हासिल किए थे. हालांकि, उनकी इस शानदार गेंदबाजी के बावजूद पाकिस्तान मुकाबला नहीं जीत सका. हार का गम अभी गया नहीं था कि पाक के दो गेंदबाजों पर आईसीसी ने जुर्माना ठोक दिया गया है.
आउट करने के बाद करीब जाकर जश्न मनाया
आईसीसी के आर्टिकल 2.5 के तहत खिलाड़ी को यह मना है कि वह किसी बल्लेबाज को आउट करने के बाद ऐसे शब्द, इशारे या हरकत न करे जिससे बल्लेबाज उत्तेजित हो जाए. खुर्रम शहजाद ने शाई होप को आउट करने के बाद बहुत करीब जाकर जश्न मनाया. उन्हें 15 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना और एक डीमेरिट पॉइंट मिला. मोहम्मद अब्बास ने जोरदार और अति उत्तेजित होकर जश्न मनाया, जिसकी वजह से उन्हें आईसीसी ने फटकार लगाई है और एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया है.
जीत के लिए 211 रनों का लक्ष्य
वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को 90 रनों से हरा दिया. मैच में विंडीज ने पाक को जीत के लिए 211 रनों का लक्ष्य दिया था. पाकिस्तानी टीम 120 रनों पर सिमट गई और 90 रनों से मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान की बल्लेबाजी बुरी तरह ढह गई. 71 रन पर 9 विकेट गिर चुके थे. कप्तान बाबर आजम 58 रन बनाकर नाबाद रहे. नंबर 11 मोहम्मद अब्बास के साथ उन्होंने 49 रनों की साझेदारी की और 12 ओवर तक मैच को रोके रखा. अब्बास 23 रन बनाकर आउट हुए। जेडन सील्स ने शानदार गेंदबाजी की और 5 विकेट लिए.
29 रनों की बढ़त हासिल
पाकिस्तान की पहली पारी भी अच्छी शुरू हुई थी. शान मसूद ने शतक जड़ा और टीम 244 रन पर 4 विकेट तक पहुंच गई थी लेकिन उसके बाद सिर्फ 38 रन और जोड़कर पूरी टीम 282 रन पर ऑलआउट हो गई. वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 311 रन बनाए और 29 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी. मेजबान टीम के लिए जस्टिन ग्रीव्स ने पांच विकेट हासिल किए थे.
इसे भी पढ़ें. फतेहगढ़ साहिब में हादसाः ट्रक से टक्कर के बाद स्कूटी में लगी आग, जिंदा जले दो लोग

