PM Modi Israel Visit: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे के दौरान वहां के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने डिनर पर उन्हें एक खास सरप्राइज दिया. नेतन्याहू ने पारंपरिक भारतीय पोशाक पहनकर पीएम मोदी के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया. वहीं पीएम मोदी ने भी अपने इजरायली समकक्ष के इस अंदाज़ की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय परिधान पहनना भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान को दर्शाता है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर जताई खुशी
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के पोस्ट का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने रीपोस्ट करते हुए लिखा, सच में शानदार. भारतीय कपड़ों के लिए आपका प्यार हमारे देश की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के लिए आपके सम्मान को दिखाता है.
नेहरू जैकेट में दिखे नेतन्याहू, वीडियो हुआ वायरल
नेतन्याहू हल्के ग्रे रंग की नेहरू जैकेट में नजर आए और मुस्कुराते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया. वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इजरायली प्रधानमंत्री ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें पीएम मोदी उन्हें देखकर कहते सुनाई दिए — “यह एक भारतीय ड्रेस है.” इस पल को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए पीएम नेतन्याहू ने लिखा, हमारे संयुक्त रात्रिभोज से पहले, मैंने अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर चौंका दिया.
कार डिप्लोमेसी और भव्य सम्मान
इजरायल दौरे पर पीएम मोदी की कार डिप्लोमेसी भी देखने को मिली. दोनों देशों के प्रधानमंत्री की कार में बैठे हुए एक तस्वीर भी सामने आई है. पीएम मोदी को इजरायल में सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया. इजरायली सांसदों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया. इसके साथ ही इजरायली सांसदों में पीएम मोदी के साथ तस्वीर लेने की होड़ लग गई.
संसद में ‘मोदी हग’ का खास जिक्र
संसद में संबोधन के दौरान पीएम नेतन्याहू ने मोदी हग का भी जिक्र किया. पीएम नेतन्याहू ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी का पर्सनली गले लगना कुछ खास है. इसे मोदी हग कहते हैं. यह पूरी दुनिया में मशहूर है. जब आप किसी को करीब से गले लगाते हैं, सच में, आप जानते हैं कि यह कोई दिखावा नहीं है, यह एक असली चीज है. इसे मोदी हग कहते हैं. इसलिए मैं यहां भी, हर एक मेंबर की तरफ से, गले लगने का जवाब देना चाहता हूं.
भारत-इजरायल रिश्तों की गर्माहट पर जोर
इजरायली पीएम ने कहा कि यह केवल दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत दोस्ती का संकेत नहीं, बल्कि भारत और इजरायल के लोगों के बीच गहरे और गर्मजोशी भरे संबंधों को भी दर्शाता है. उन्होंने कहा कि भारत लगभग 1.5 अरब लोगों की एक विशाल शक्ति है, जबकि इजरायल आकार में छोटा होने के बावजूद क्षमता, संकल्प और उपलब्धियों के मामले में बेहद मजबूत देश है. उनके अनुसार, इजरायल दिल से बड़ा है, काम से बड़ा है और चमत्कार करने की क्षमता रखता है.
यह भी पढ़े: बिहार में बोले अमित शाह: सीमांचल में घुसपैठ बर्दाश्त नहीं, हटेंगे अवैध ढांचे

