PM Modi Netherlands visit: PM मोदी पांच देशों के दौरे पर रवाना हुए हैं. वह शुक्रवार को सबसे पहले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) गए. यहां के बाद अब अपने दौरे के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को नीदरलैंड पहुंचे हैं. यहां PM भारतीय समुदाय को संबोधित कर रहे हैं. PM मोदी ने कहा कि मैं कुछ समय के लिए भूल गया कि मैं नीदरलैंड में हूं. मुझे लगा कि मैं भारत के ही किसी कार्यक्रम में हूं.
भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ बातचीत करना सुखद
इससे पहले PM मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा था कि कुछ ही समय में, मैं नीदरलैंड के हेग में एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करूंगा. भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ बातचीत करना हमेशा ही सुखद अनुभव होता है. नीदरलैंज में PM मोदी ट्रेड, टेक्नॉलोजी, डिफेंस और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के लिए अपने डच समकक्ष रॉब जेटेन के साथ बातचीत करेंगे. पीएम की 15 से 17 मई तक नीदरलैंड की यह यात्रा 2017 की उनकी यात्रा के बाद दूसरी यात्रा है.
PM मोदी का एयरपोर्ट पर स्वागत
नीदरलैंड पहुंचने पर PM मोदी का एयरपोर्ट पर एडजुटेंट-जनरल और महामहिम राजा के सैन्य परिवार के प्रमुख रियर एडमिरल लुडगर ब्रुमेलार, डच विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन और नीदरलैंड में भारत के राजदूत कुमार तुहिन तथा डच सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया. PM ने अपने आगमन के तुरंत बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “(मैं) एम्स्टर्डम पहुंचा हूं. नीदरलैंड की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते ने व्यापार और निवेश संबंधों को काफी गति प्रदान की है.”
राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद के साथ वार्ता
बता दें कि PM मोदी UAE में लगभग ढाई घंटे तक रुके थे. इसके बाद वह नीदरलैंड रवाना हुए. अबू धाबी में PM मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ वार्ता की. दोनों नेताओं की बातचीत के बाद भारत और UAE के बीच स्ट्रैटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप एग्रीमेंट पर अहम समझौते हुए. इस समझौते के तहत भारत और UAE डिफेंस सेक्टर, साइबर सिक्योरिटी, काउंटर टेररिज़्म और इनोवेशन के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे. इसके अलावा, UAE भारत के स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिज़र्व को बढ़ाने में भी मदद देगा.
इसे भी पढ़ें. CM योगी का बड़ा एक्शनः गरीबों से धांधली करने वाले 200 से अधिक अस्पताल ब्लैक लिस्ट में