वैश्विक अस्थिरता के माहौल में भारत-मलेशिया की बढ़ती मित्रता बेहद महत्वपूर्ण-PM नरेंद्र मोदी

Must Read

Kuala Lumpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पिछले कुछ वर्षों में भारत- मलेशिया संबंधों में नई गति और गहराई आई है. दोनों देशों के बीच ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल अर्थव्यवस्था, बायोटेक, आईटी, पर्यटन और पीपल-टू-पीपल कनेक्शन में सहयोग मजबूत हुआ है. पीएम मोदी मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया को संबोधित कर रहे थे.

पीएम मोदी ने की प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया की दो दिवसीय यात्रा पर हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले पीएम मोदी ने अनवर इब्राहिम के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मलेशिया भारतीय मूल की आबादी वाला दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है. दोनों देशों की सभ्यताएं सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ी हुई हैं.

गर्मजोशी से स्वागत के लिए भी आभार

उन्होंने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के गर्मजोशी से स्वागत के लिए भी आभार जताया. बताया कि 2026 की अपनी पहली विदेश यात्रा में वे मलेशिया आए हैं. उन्होंने कहा कि सुरक्षा सहयोग, काउंटर टेररिज्म, इंटेलिजेंस शेयरिंग और मेरिटाइम सुरक्षा में भी दोनों देशों का सहयोग बढ़ाया जाएगा. इसके अलावा एआई, डिजिटल टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा में साझेदारी को और बढ़ाया जाएगा.

नए व्यापार और निवेश अवसर उत्पन्न

प्रधानमंत्री ने बताया कि सीईओ फोरम के माध्यम से नए व्यापार और निवेश अवसर उत्पन्न हुए हैं और यह साझेदारी भारत-मलेशिया के बीच रणनीतिक विश्वास पर आधारित आर्थिक बदलाव को गति देगी. पीएम मोदी ने भारतीय प्रवासियों से मुलाकात को भी याद किया और कहा कि लगभग 30 लाख भारतीय प्रवासी भारत और मलेशिया के बीच लिविंग ब्रिज का काम कर रहे हैं.

यूपीआई डिजिटल पेमेंट जैसे कदमों का उल्लेख

उन्होंने प्रवासियों के लिए मलेशिया में सोशल सिक्योरिटी एग्रीमेंट, मुफ्त ई-वीजा और यूपीआई डिजिटल पेमेंट जैसे कदमों का उल्लेख किया जो दोनों देशों के नागरिकों के जीवन को आसान बनाएंगे. प्रधानमंत्री ने कहा कि हम अपने युवाओं के बीच विश्वविद्यालय एक्सचेंज, स्टार्टअप कनेक्ट और स्किल डेवलपमेंट के अवसर भी बढ़ा रहे हैं. हमारे बढ़ते संबंधों को समर्थन देने के लिए हम मलेशिया में नया कांसुलेट भी खोलने जा रहे हैं.

विकास, शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध

उन्होंने कहा कि हम आसियान के साथ पूरे इंडो पैसिफिक क्षेत्र में विकास, शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध हैं. भारत आसियान सेंट्रलिटी को प्राथमिकता देता है. उन्होंने मलेशिया में तमिल समुदाय और उसकी संस्कृति पर भी जोर दिया और कहा कि शिक्षा, मीडिया और सांस्कृतिक क्षेत्रों में तमिल भाषा का मजबूत और जीवंत योगदान है. उन्होंने ऑडियो-विजुअल एग्रीमेंट के तहत फिल्म और संगीत, विशेषकर तमिल फिल्मों के माध्यम से लोगों को और करीब लाने का प्रयास बताया.

सभी प्रयासों का करते रहेंगे समर्थन

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करते रहेंगे और आतंकवाद के खिलाफ हमारा संदेश स्पष्ट है. कोई दोहरा मापदंड नहीं और कोई समझौता नहीं. उन्होंने कहा कि दोनों देशों का संबंध रणनीतिक और मानवीय आधार पर मजबूत है. पीएम मोदी ने अपने मलेशियाई समकक्ष के आतिथ्य और स्वागत के लिए धन्यवाद किया. कहा कि वे उन्हें भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं.

इसे भी पढ़ें. PM Modi Malaysia Visit: ‘हर क्षेत्र में बढ़ रहा है भारत और मलयेशिया के बीच सहयोग’, द्विपक्षीय वार्ता में बोले PM मोदी

Latest News

Aaj Ka Rashifal 8 July 2026: किसकी चमकेगी किस्मत, किसे मिलेगा धन लाभ और कौन रहे सावधान, पढ़ें आज का राशिफल

Aaj Ka Rashifal 8 July 2026: आज बुधवार, 8 जुलाई 2026 का दिन सभी 12 राशियों के लिए अलग-अलग...

More Articles Like This