Indian Airlines cancel flights: सऊदी अरब में विकसित हो रही सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर भारतीय विमानन कंपनियों – एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शुक्रवार को घोषणा की कि कई सऊदी गंतव्यों के लिए उनकी उड़ान सेवाएं 20 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी. इसके लिए एयरलाइंस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यात्रा परामर्श भी जारी किया है, जिसके अनुसार, रियाद, जेद्दा और दम्माम समेत सऊदी अरब के प्रमुख शहरों के लिए उड़ान सेवाएं अलग-अलग अवधि तक निलंबित रहेंगी. कुछ एयरलाइंस ने मदीना के लिए भी उड़ानें रद्द की हैं.
रद्द उड़ानों से प्रभावित यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड
एयर इंडिया ने कहा कि “सऊदी अरब में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए रियाद, दम्माम और जेद्दा के लिए तथा वहां से संचालित होने वाली एयर इंडिया की सभी उड़ानें 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी.” इसके साथ एयरलाइन ने यह भी कहा कि इन रद्द उड़ानों से प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जाएगा.
एयर इंडिया ने एक्स पर लिखा कि “हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.” वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी कहा कि उसने दम्माम, जेद्दा और रियाद के लिए तथा वहां से संचालित उड़ानों के निलंबन को 20 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि “हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता पड़ने पर अपने परिचालन की समीक्षा कर उसमें बदलाव करेंगे. हमारी टीमें प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही हैं.” इसके अलावा, एयरलाइन ने रद्द उड़ानों के यात्रियों को मुफ्त री-शेड्यूलिंग या पूर्ण रिफंड का विकल्प भी दिया है.
अन्य कई कंपनियो ने भी रद्द की उड़ाने
दरअसल, गुरुवार को इंडिगो ने भी स्थिति का आकलन करने के बाद रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए तथा वहां से संचालित उड़ानों को 24 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की थी. इसके अलावा, अकासा एयर ने भी रियाद के लिए और वहां से संचालित उड़ानों के निलंबन को 24 अक्टूबर तक तथा जेद्दा के लिए उड़ानों के निलंबन को 21 अक्टूबर तक बढ़ाने की जानकारी दी. एयरलाइन ने कहा कि प्रभावित यात्रियों को पूर्ण रिफंड या बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा पुनर्निर्धारण का विकल्प दिया जाएगा.
यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
बता दें कि सभी एयरलाइंस ने दोहराया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सेवाओं को बहाल करने का निर्णय स्थिति की लगातार समीक्षा के बाद लिया जाएगा. इसके अलावा यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने और यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है कि उनका संपर्क विवरण एयरलाइन के साथ अपडेट हो.