Saudi Arabia Houthi War: पश्चिम एशिया में तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है. ईरान-अमेरिका तनाव के बीच अब यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब में सीधा टकराव होने लगा है. दरअसल, शुक्रवार को लाल सागर में एक सऊदी मालवाहक जहाज पर हमला हुआ, जिसके कुछ ही समय बाद सऊदी अरब ने हूतियों के नियंत्रण वाले यमन के हुदैदाह शहर में हवाई हमले किए. हूतियों ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अब उसने खुद के लिए नर्क के दरवाजे खोल दिए हैं.
सऊदी मीडिया के मुताबिक, NCC MASA नाम के जहाज को लाल सागर में हमले के दौरान मामूली नुकसान पहुंचा. वहीं जांच के बाद जहाज को सुरक्षित माना गया और वह अपने तय गंतव्य के लिए रवाना हो गया. फिलहाल, चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
हूतियों की चेतावनी
इस हमले के बाद हूती विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया कि सऊदी अरब ने हुदैदाह शहर को निशाना बनाकर हवाई हमले किए. हूती समर्थित टीवी के अनुसार, दूरसंचार विभाग से जुड़े ठिकानों और कमरान द्वीप पर भी हमले हुए. वहीं , रिपोर्ट में एक महिला के घायल होने की बात कही गई है.
हूती विदेश मंत्रालय ने कहा कि सऊदी अरब ने हुदैदाह पर हमला करके ‘तनाव के बदले तनाव’ की नीति अपना ली है और इसका जवाब दिया जाएगा. वहीं हूती प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर चेतावनी दी कि सऊदी आक्रमण ने खुद अपने लिए जहन्नुम के दरवाजे खोल दिए हैं.

