Saudi Arabia Snowfall: सऊदी अरब के उत्तरी इलाके का नजारा 18 दिसंबर को पूरी तरह बदल गया. आमतौर पर सुनहरी रेत और सूखे पहाड़ों के लिए जाना जाने वाला यह इलाका अचानक बर्फ की सफेद चादर से ढक गया. तबूक इलाके में स्थित जाबल अल-लॉज इस अनोखी बर्फबारी का केंद्र बनता दिखाई दिया. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. समुद्र तल से करीब 2,580 मीटर ऊंचा यह पहाड़ दिखने में ऐसा लग रहा था मानों सऊदी अरब नहीं, बल्कि स्विट्ज़रलैंड के आल्प्स हों.
सऊदी अरब के कई हिस्सों में गिरी बर्फ
इस हफ्ते आए एक नाटकीय मौसम बदलाव के तहत उत्तरी सऊदी अरब के कई हिस्सों में बर्फ गिरी, जिसने स्थानीय लोगों के साथ-साथ दुनियाभर के लोगों को हैरान कर दिया. ऊंचे पहाड़ी इलाकों, रेगिस्तानी मैदानों और यहां तक कि बड़े-बड़े भूरे रेत के टीलों पर भी 18 दिसंबर को बर्फ जम गई. आमतौर पर शुष्क रहने वाला यह इलाका अचानक सर्दियों की तस्वीर में तब्दील हो गया.
The deserts in Saudi Arabia have witnessed a rare occasion of snow after days of heavy rainfall and flooding… pic.twitter.com/1zwaAKN1wM
— • (@Alhamdhulillaah) December 19, 2025
कई जगहों पर शून्य से नीचे गए तापमान
यह बर्फबारी तब हुई, जब एक ताकतवर ठंडी हवा इलाके में दाखिल हुई. इससे कई जगहों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया और कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हुई. कुछ जगहों पर तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो सऊदी अरब के सामान्य रेगिस्तानी मौसम से बिल्कुल उलट है.
बर्फबारी के बाद गर्म कपड़े पहने दिखाई दिए लोग
बर्फबारी के बाद गर्म कपड़े पहने लोग बाहर निकलकर बर्फ के साथ खेलते नजर आए, सोशल मीडिया पर कई ऐसी तस्वीरें साझा की गईं, जिनमें बर्फ से ढके रास्तों पर चलते ऊंट और गाड़ियां दिखाई दीं. यह नजारा लोगों के लिए बेहद खास और यादगार बन गया.
Snowfall in the Hail region of Saudi Arabia… 🇸🇦🤍❄⛄ pic.twitter.com/xQO1xXTWJh
— Saudi-Expatriates.com (@saudiexpat) December 17, 2025
जैसे ही सऊदी अरब में बर्फबारी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, लोग हैरान रह गए. कई यूजर्स ने तो यह तक सवाल उठाया कि कहीं ये दृश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तो नहीं बनाए गए हैं. सफेद बर्फ से ढके रेगिस्तान और रेत के टीले देखकर लोग असमंजस में पड़ गए.
हालांकि, आधिकारिक रिपोर्ट्स और मौसम से जुड़े आंकड़ों ने साफ कर दिया कि यह बर्फबारी पूरी तरह वास्तविक है और एक मजबूत ठंडी मौसम प्रणाली के कारण हुई है. तेज गर्मी के लिए मशहूर देश में बर्फ का यह नजारा लोगों के लिए और भी चौंकाने वाला साबित हुआ.