New Delhi: सऊदी की राजधानी रियाद में शुक्रवार देर रात और शनिवार सुबह रियाद में हवाई हमले के अलर्ट जारी किए गए और धमाकों की आवाजें सुनाई दीं. इसके बाद सुबह सऊदी अधिकारियों ने खतरा टलने की जानकारी दी और लोगों से भीड़ से दूर रहने को कहा. सऊदी अरब और ईरान समर्थित हूतियों के बीच का तनाव अब रियाद तक पहुंचता दिख रहा है. हूतियों के हमलों में यह एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है. जुलाई में उनके हमले बढ़ने और सऊदी के खिलाफ लाल सागर में नाकाबंदी घोषित करने के बाद पहली बार रियाद में ऐसे अलर्ट जारी हुए हैं.
कई इलाकों के लिए चेतावनी जारी
सऊदी सिविल डिफेंस ने शुक्रवार देर रात और शनिवार सुबह राजधानी रियाद समेत कई इलाकों के लिए चेतावनी जारी की. रॉयटर्स और AFP की रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी में धमाकों की आवाजें सुनीं. हालांकि बाद में अधिकारियों ने बताया कि खतरा टल गया है. लोगों को सावधानी बरतने और भीड़ में इकट्ठा न होने की सलाह दी गई. इन घटनाओं की जानकारी ऐसे समय सामने आई है, जब सऊदी और हूतियों के बीच टकराव लगातार बढ़ रहा है.
पेरिम द्वीप पर कब्जे का दावा
हूतियों ने हाल ही में रणनीतिक बंदरगाह शहर मोखा और पेरिम द्वीप पर कब्जे का दावा किया है. पेरिम द्वीप बाब अल-मंदेब के पास बेहद अहम जगह पर है. यह वही समुद्री रास्ता है, जिसका इस्तेमाल खाड़ी देशों से एशिया और यूरोप तक सामान और तेल पहुंचाने के लिए होता है. हूती सैन्य प्रवक्ता ने सऊदी के खिलाफ समुद्री नाकाबंदी को सऊदी की कार्रवाई का जवाब बताया है. हूतियों का आरोप है कि सऊदी ने उत्तर-पश्चिमी यमन में उनके नियंत्रण वाले इलाकों के बंदरगाहों और एयरपोर्ट पर नाकाबंदी की है.
तेल ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से बनाया निशाना
पिछले हफ्ते हूतियों ने सऊदी के कई तेल ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया था. इन हमलों के बाद कुछ जगहों पर आग लग गई और काम अस्थायी तौर पर रोकना पड़ा. इसका असर सिर्फ सऊदी तक सीमित नहीं रहा. सऊदी के तेल निर्यात के लिए लाल सागर का रास्ता इस समय और भी महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि अमेरिका और इजरायल के ईरान के साथ युद्ध के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य का रास्ता प्रभावी तौर पर बंद हो गया है.
सऊदी एयर स्ट्राइक का जवाब
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने इस हफ्ते दावा किया था कि संगठन ने सऊदी अरब पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं. उनके मुताबिक, ये हमले पिछले एक हफ्ते में हूतियों के इलाकों पर हुई 450 से ज्यादा सऊदी एयर स्ट्राइक के जवाब में किए गए.
इसे भी पढ़ें. युवाओं को रोजगार की सौगात, PM मोदी ने 51 हजार से ज्यादा सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- ‘सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो’

