स्पेन की कार्रवाई से सेउटा बॉर्डर पर प्रवासियों में भगदड़, 57 घुसपैठियों की मौत, फ्रांस ने भी सीमा पर बढ़ाई सुरक्षा

Spain: मोरक्को की सीमा पर स्थित स्पेन के स्वायत्त क्षेत्र सेउटा में पिछले दो दिनों में करीब 60 हजार लोग जमीनी और समुद्री रास्तों से सेउटा में घुसने की कोशिश करते हुए स्पेनिश सीमा में पहुंच गए. इस दौरान मची अफरा-तफरी में 57 लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद फ्रांस ने भी स्पेन से लगी अपनी सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी है. राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अतिरिक्त पुलिस बलए विमान और ड्रोन तैनात करने के निर्देश दिए ताकि स्थिति का असर अन्य यूरोपीय देशों तक न पहुंचे.

सेउटा में भारी प्रवासी संकट

इस समय सेउटा में भारी प्रवासी संकट है. स्पेन सरकार के अनुसार मृतकों में कई लोग समुद्र पार करते समय डूब गए, जबकि कुछ की मौत सीमा पर बनी ब्रेकवॉटर दीवार और बाड़ पार करने की कोशिश में भगदड़ और दबने से हुई. अधिकारियों का कहना है कि मोरक्को की ओर भी कुछ लोगों के हताहत होने की आशंका है. प्रवासी संकट को नियंत्रित करने के लिए स्पेन ने सेउटा में सेना और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए. गृह मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार शाम तक करीब 48,300 प्रवासी स्वेच्छा से मोरक्को लौट चुके थे, जबकि शेष लोगों को वापस भेजने की प्रक्रिया जारी है.

लाठियों और आंसू गैस का इस्तेमाल

सीमा पर हालात काबू में लाने के लिए मोरक्को के सुरक्षाबलों ने भीड़ को रोकने के लिए लाठियों और आंसू गैस का इस्तेमाल किया. सीमा पार करने की कोशिश कर रहे लोगों और सुरक्षाबलों के बीच कई जगह झड़पें भी हुईं. स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने सेउटा पहुंचकर हालात का जायजा लिया और इसे स्पेन की क्षेत्रीय अखंडता पर हमला बताया.  उन्होंने कहा कि सरकार गैरकानूनी तरीके से सीमा पार करने वालों को जल्द वापस भेजेगी.

सेउटा स्पेन का छोटा स्वायत्त क्षेत्र

सेउटा उत्तरी अफ्रीका में स्थित स्पेन का एक छोटा स्वायत्त क्षेत्र है, जिसकी सीमा सीधे मोरक्को से लगती है. बेहतर जीवन और यूरोप पहुंचने की उम्मीद में अफ्रीकी देशों के हजारों लोग अक्सर इसी रास्ते से यूरोप में प्रवेश करने की कोशिश करते हैं.

इसे भी पढ़ें. Andhra Pradesh: पीएम मोदी ने किया भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, देखें तस्वीरें

Latest News

अंडमान को पर्यटन की दृष्टि से सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए बनेगा विजन डाक्यूमेन्ट: डा. दिनेश शर्मा

Dr Dinesh Sharma: अंडमान और निकोबार द्वीप समूह को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक एवं सुरक्षित बनाने के...

More Articles Like This

Exit mobile version