‘अपराध की श्रेणी में आते हैं स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों पर हमले!’, सूडान में गृहयुद्ध पर UN की सख्त चेतावनी

Sudan Civil War: सूडान में गृहयुद्ध जारी है. कोर्डोफान में हुए ड्रोन हमलों में अब तक 77 बेगुनाह नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हैं. वहीं संयुक्त राष्ट्र (UN) के मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने इन हत्याओं की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि नागरिक स्थलों (स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों) पर हमले युद्ध अपराध की श्रेणी में आते हैं.

ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल बेहद चिंताजनक

UN प्रवक्ता स्टेफेन दुजार्रिक ने संकेत दिए हैं कि दोनों ही पक्ष (सेना और RSF) नागरिकों के खिलाफ ड्रोन तकनीक का घातक इस्तेमाल कर रहे हैं जो बेहद चिंताजनक है. सूडान में जारी इस खूनी संघर्ष को अब तीन साल पूरे होने वाले हैं लेकिन शांति की कोई गुंजाइश नजर नहीं आ रही.

घनी आबादी वाले इलाकों को बना रही निशाना

स्थानीय निवासियों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पैरामिलिट्री रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) घनी आबादी वाले इलाकों को निशाना बना रही है. दक्षिण कोर्डोफान की राजधानी कडुगली और पड़ोसी शहर डिलिंग में सबसे ज्यादा तबाही देखी गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ड्रोन हमले अब रोज की बात हो गए हैं. ये हमले सीधे तौर पर बाजारों, अस्पतालों और घरों पर किए जा रहे हैं जिससे चारों ओर दहशत का माहौल है.

1.2 करोड़ लोग अपना घर छोड़कर भागने पर मजबूर

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के डराने वाले आंकड़े बताते हैं कि अप्रैल 2023 से शुरू हुए इस गृहयुद्ध में अब तक 40,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं. करीब 1.2 करोड़ लोग अपना घर छोड़कर भागने पर मजबूर हुए हैं. सहायता समूहों का मानना है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है क्योंकि दूरदराज के इलाकों तक पहुंचना नामुमकिन सा हो गया है.

युद्ध अब सूडान के पश्चिमी हिस्सों की ओर शिफ्ट

विशेषज्ञों के अनुसार युद्ध अब सूडान के पश्चिमी हिस्सों की ओर शिफ्ट हो गया है, जिससे कोर्डोफान एक प्रमुख युद्धक्षेत्र बन गया है. हालांकि सूडानी सेना ने दावा किया था कि उसने RSF की दो साल पुरानी घेराबंदी तोड़ दी है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है. शहर अब भी घिरे हुए हैं और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर ड्रोन से पलटवार कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें. छत्रपति शिवाजी महाराज को पीएम मोदी ने जयंती पर दी श्रद्धांजलि, कहा- ‘सिर्फ एक नाम नहीं, हमारे आराध्य’

Latest News

Shardiya Navratri 2026 2nd Day: नवरात्रि के दूसरे दिन ऐसे करें मां ब्रह्मचारिणी की आराधना, जानिए पूजा विधि

Shardiya Navratri 2026: शारदीय नवरात्रि (Shardiya Navratri 2026) की शुरुआत हो गई है. आज नवरात्रि का दूसरा दिन है....

More Articles Like This

Exit mobile version