Tarique Rahman oath ceremony: बांग्लादेश में आज से एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत होने वाली है. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरमैन और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के उत्तराधिकारी तारिक रहमान बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे.
बांग्लादेश में इस बार शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन ‘बंगभवन’ में नहीं, बल्कि संसद परिसर के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा. इस दौरान राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन कैबिनेट के सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे.
शाम 4 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह
बता दें कि सांसदों का शपथ ग्रहण सुबह 10 बजे होगा, जबकि मुख्य कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह शाम 4:00 बजे से शुरू होगा. वहीं, इससे पहले सुबह 11:30 बजे संसदीय दल के नेता के चुनाव के लिए बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की बैठक बुलाई गई है. कयास लगाए जारहे है कि बीएनपी की मीटिंग्स में कैबिनेट बनाने को लेकर अंदरूनी चर्चा हो सकती है.
कौन होगा अगला राष्ट्रपति?
दरअसल, 12 फरवरी को हुए आम चुनाव में बीएनपी को मिली बंपर जीत के बाद जहां कई मंत्री की नियुक्ति लगभग तय हो चुकी है, वहीं पार्टी अगले राष्ट्रपति का चुनाव करने को लेकर भी मंथन कर रही है. इस दौरान राष्ट्रपति पद के लिए सोशल मीडिया और लोकल मीडिया में कई नाम उछाले जा रहे हैं.
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के सूत्रों के मुताबिक, स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य खंडाकर मोशर्रफ हुसैन राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी संभाल सकते है. इसके अलावा, बीएनपी के एक और स्टैंडिंग कमेटी मेंबर, नजरुल इस्लाम खान का नाम भी चर्चा में है. हालांकि, पार्टी का झुकाव खंडाकर मोशर्रफ हुसैन की तरफ ज्यादा है.
इसे भी पढें:-AI भारत के लिए बड़ा मौका, रोजगार के अवसर बढ़ाने में करेगा मदद: इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स